LOADING...
'जन नायकन' और सेंसर बोर्ड का सुलझेगा विवाद? 10 फरवरी को होगी सुनवाई
'जन नायकन' की रिलीज का रास्ता साफ होने की जगी उम्मीदें

'जन नायकन' और सेंसर बोर्ड का सुलझेगा विवाद? 10 फरवरी को होगी सुनवाई

Feb 09, 2026
06:59 pm

क्या है खबर?

थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' की रिलीज को लेकर लगातार आई अड़चनें किसी नाटकीय मोड़ से कम नहीं लगी है। निर्माता लंबे समय से सेंसर बोर्ड के साथ कानूनी लड़ाई लड़ते आ रहे हैं, और अब यह मामला एक अहम मोड़ पर पहुंच चुका है। दरअसल, निर्माताओं ने CBFC के खिलाफ दायर रिट याचिका को आधिकारिक तौर पर वापस लेने के लिए मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है। मामले की सुनवाई 10 फरवरी, 2026 को होगी।

फैसला

कानूनी लड़ाई से पीछे हटे निर्माता, रिव्यू के लिए तैयार

इंडिया टुडे के मुताबिक, अदालत में जमा किए गए पत्र में, निर्माताओं ने पुष्टि की है कि उन्होंने सेंसर बोर्ड के साथ कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाने की बजाए फिल्म को समीक्षा समिति के पास ले जाने का विकल्प चुना है। कानूनी सूत्रों के अनुसार, याचिका 10 फरवरी को न्यायमूर्ति पीटी आशा के समक्ष पेश होगी। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब निर्माताओं ने फिल्म को समीक्षा समिति के पास भेजने के CBFC के फैसले को स्वीकार किया।

रिलीज

19 फरवरी की रिलीज पर टिकी नजरें

'जन नायकन' 9 जनवरी, 2026 को रिलीज की जानी थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से प्रमाणपत्र न मिलने के कारण यह अधर में लटक गई। निर्माताओं ने उम्मीद जताई है कि अदालत 10 फरवरी को इस समस्या का हल निकाल देगी और समीक्षा बोर्ड बिना किसी कानूनी कार्यवाही के बाधित हुए अपना काम कर सकेगा। उधर लेट्स सिनेमा की रिपोर्ट में बताया गया है कि निर्माता 19 फरवरी को 'जन नायकन' रिलीज कराने की पूरी कोशिश में लगे हुए हैं।

Advertisement