'जन नायकन' लीक मामला: स्टूडियो से चुराया गया था फिल्म का फुटेज, 3 अन्य गिरफ्तार
क्या है खबर?
थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' साल की शुरुआत से किसी न किसी कारणवश चर्चा में हैं। एक तरफ इसकी रिलीज ईद का चांद बन चुकी है, वहीं दूसरी तरफ फिल्म को पायरेसी का शिकार होना पड़ा है। 13 अप्रैल को तमिलनाडु साइबर क्राइम विंग ने फिल्म के HD प्रिंट को अवैध रूप से ऑनलाइन लीक करने के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मामले में 3 अन्य लोगों की गिरफ्तारी की गई है।
खुलासा
सहायक संपादक ने फिल्म का फुटेज चोरी किया
इंडिया टुडे के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी एक अन्य परियोजना पर फ्रीलांस सहायक संपादक के रूप में काम कर रहा था, लेकिन उसने कथित तौर पर एक एडिटिंग स्टूडियो से 'जन नायकन' की फुटेज को अनधिकृत रूप से हासिल कर लिया। जांचकर्ताओं का मानना है कि शख्स ने फुटेज की रीलों की कॉपी बनाई, डेटा को प्रोसेस करके एक पूर्ण संस्करण तैयार किया और उसे दूसरों के साथ साझा किया, जिससे फिल्म पायरेसी का शिकार हो गई।
कार्रवाई
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उधर, अधिकारियों ने नुकसान को रोकने के उद्देश्य से कई पायरेसी लिंक हटा दिए हैं। साथ ही पायरेटेड सामग्री को देखने या फिर साझा करने पर कानूनी चेतावनी भी दी है। बता दें, थलापति की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' 9 जनवरी को रिलीज होनी थी, लेकिन सेंसर बोर्ड द्वारा प्रमाणपत्र न मिलने के कारण रिलीज का रास्ता बंद पड़ा है।