बॉक्स ऑफिस: 50 प्रतिशत गिरने के बाद तीसरे दिन संभली थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन'
क्या है खबर?
कमजोर कहानी और समीक्षकों की मिली-जुली समीक्षाओं के बावजूद थलापति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायकन' ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 23 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म को पहले दिन अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन दूसरे दिन इसकी कमाई में 50 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तीसरे दिन ठीक-ठाक वापसी करते हुए फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिला है।
कारोबार
शनिवार को 34.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ संभली 'जन नायकन
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, 'जन नायकन' ने पहले दिन 42.70 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। हालांकि, शुक्रवार को दूसरे दिन फिल्म के कारोबार में 50 फीसदी की भारी गिरावट आई और इसने सिर्फ 21.51 करोड़ रुपये बटोरे।
शनिवार यानी तीसरे दिन 12,299 शो के साथ फिल्म ने 34.8 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल कमाई 92.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
कहानी
'जन नायकन' की कहानी जानिए
एच विनोथ के निर्देशन में बनी फिल्म 'जन नायकन' की कहानी जेल में बंद 'वेट्री' (विजय) की है। जेल वार्डन से दोस्ती के बाद वेट्री उनकी बेटी विजी की जिम्मेदारी लेता है और उसका डर दूर कर उसे सेना में जाने के लिए प्रेरित करता है।
कहानी में मोड़ तब आता है, जब वेट्री के अतीत से खूंखार 'जॉन हिमलर' (बॉबी देओल) की एंट्री होती है, जिससे दोनों के बीच जबरदस्त जंग शुरू हो जाती है।
रिलीज
सेंसर बोर्ड की अड़चनों को पार कर रिलीज हुई 'जन नायकन'
फिल्म में विजय के अलावा ममिता बैजू, पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रकाश राज मुख्य भूमिकाओं में हैं।
पहले ये फिल्म इस साल जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन निर्माताओं और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के बीच चल रहे विवादों की वजह से इसकी रिलीज टल गई।
आखिरकार सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने और तमाम कानूनी अड़चनों को पार करने के बाद फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकी।