'अवतार: फायर एंड ऐश' की असफलता के बाद आएगी 'अवतार 4'? जेम्स कैमरून ने बताया
क्या है खबर?
मशहूर फिल्म निर्देशक जेम्स कैमरून ने 'अवतार फिल्म' जैसी 2 सफल किस्तें बनाकर खूब लोकप्रियता हासिल की। दिसंबर, 2025 में इस फ्रैंचाइजी की तीसरी किस्त 'अवतार: फायर एंड ऐश' आई, लेकिन पहले की तरह दर्शकों को प्रभावित करने में नाकामयाब साबित हुई। कई लोगों के मन में सवाल है कि क्या तीसरी किस्त के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, कैमरून 'अवतार 4' लेकर आएंगे। हालिया बयान में फिल्म निर्देशक ने 'अवतार 4' की संभावना पर अपना स्पष्ट रुख जाहिर किया है।
बयान
'अवतार 4' बनने की संभावना, लेकिन कैमरून ने कही ये बात
टाइम्स नाउ के मुताबिक, 'अवतार: फायर एंड ऐश' ने भले ही 'अवतार' (2009) और 'अवतार: द वे ऑफ वाटर' (2022) जैसी लोकप्रियता हासिल न की हो, लेकिन चौथी फिल्म की संभावना अभी भी बहुत ज्यादा है। वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट के हवाले से, कैमरून ने अपने बयान में कहा है कि 'अवतार 4' के बनने की "बहुत अधिक संभावना" है। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया इस फ्रैंचाइजी के भविष्य को आकार देने में अहम कड़ी होगी।
लागत
आगामी किस्तों की लागत को कम करने की संभावना
कैमरून ने ताइवानी चैनल TVBS न्यूज से एक बातचीत में स्वीकारा कि फिल्म जगत इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि 'अवतार 3' का निर्माण बेहद महंगा था और भविष्य की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने पर निर्भर करेंगी। उन्होंने संकेत भी दिया कि आगामी किस्तें बनाने के लिए कम लागत के तरीके खोजने पड़ सकते हैं। बता दें, 'अवतार: फायर एंड ऐश' ने दुनियाभर में करीब 11,700 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था।