LOADING...
प्रियंका चोपड़ा बॉलीवड में वापसी को तैयार, संजय लीला भंसाली की इस फिल्म से जुड़ा नाम
प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड में वापसी की तैयारी

प्रियंका चोपड़ा बॉलीवड में वापसी को तैयार, संजय लीला भंसाली की इस फिल्म से जुड़ा नाम

Aug 03, 2025
09:52 am

क्या है खबर?

प्रियंका चोपड़ा इंटरनेशनल स्टार बन चुकी हैं। कई हॉलीवुड फिल्मों में काम कर दुनियाभर में वह अपनी सफलता का परचम लहरा चुकी हैं। पिछले काफी समय से बॉलीवुड में प्रियंका की वापसी को लेकर चर्चा हो रही है और अब खबर है कि वह हिंदी फिल्मों में वापसी के लिए तैयार हैं। प्रियंका को जल्द ही निर्देशक संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म 'लव एंड वॉर' में देखा जाएगा। आइए जानते हैं क्या जानकारी मिली है।

पोस्ट

'गोलियों की रासलीला राम-लीला' को लेकर प्रियंका का पोस्ट

भंसाली की साल 2013 में आई फिल्म 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' में प्रियंका चोपड़ा ने 'राम चाहे लीला' गाने पर धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस दी थी। पिछले दिनों 13 साल बाद उन्होंने खुलासा किया कि इस गाने के लिए हां करना उनके लिए कितना मुश्किल था। प्रियंका ने गाने की शूटिंग और डांस स्टेप्स के रिहर्सल को याद कर इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा नोट साझा किया था और भंसाली के साथ काम करने के अपने अनुभव को शानदार बताया था।

पुष्टि

पोस्ट के बाद लगे कयास और फिर सूत्र ने लगाई मोहर

प्रियंका के इस पोस्ट के बाद ही लोगों ने अटकलें लगाना शुरू कर दिया था कि वह शायद एक बार फिर भंसाली की अगली फिल्म में एक स्पेशल डांस नंबर करने वाली हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स से अब एक सूत्र ने इस खबर की पुष्टि की है और बताया है कि यह बॉलीवुड में उनकी वापसी का बड़ा संकेत है और काफी हद तक संभावना है कि वो भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' के स्पेशल डांस नबंर में नजर आएं।

वापसी

बॉलीवुड में प्रियंका की भव्य वापसी

सूत्र ने बताया कि अभी कुछ तय नहीं हुआ है, लेकिन अगर सचमुच बात बन जाती है तो इसके जरिए प्रियंका की बॉलीवुड में भव्य वापसी होगी। भंसाली वैसे ही अपनी फिल्म 'लव एंड वॉर' को खास बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं और अब प्रियंका को इसका हिस्सा बनाकर वो इसे और शानदार या कहें यादगार बनाने जा रहे हैं। प्रियंका और भंसाली दोनों ही एक-दूसरे के काम के बड़े प्रशंसक हैं।

फिल्म

'लव एंड वॉर' के बारे में

'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर, विक्की कौशल और आलिया भट्ट की तिकड़ी नजर आने वाली है। भंसाली 2025 के अंत तक 'लव एंड वॉर' की शूटिंग पूरी करना चाहते हैं। अपनी बाकी फिल्मों की तरह ही भंसाली इसे भी काफी नाप-तौलकर बना रहे हैं। मार्च 2026 तक इस फिल्म को रिलीज किया जा सकता है। ये फिल्म वॉर के बैकग्राउंड पर सेट एक लव स्टोरी है, जिसमें 2 जिद्दी लोगों के बीच अहंकार की लड़ाई देखने को मिलेगी।

आगामी फिल्म

इस पैन इंडिया फिल्म से भी धमाल मचाएंगी प्रियंका

निर्देशक एसएस राजामौली की अगली पैन इंडिया फिल्म 'SSMB 29' में भी प्रियंका मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इसमें उनकी जोड़ी महेश बाबू के साथ बनी है। फिल्म् का बजट लगभग 1,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसमें प्रियंका और महेश के अलावा अभिनेता और निर्माता पृथ्वीराज सुकुमारन भी एक अहम भूमिका ननिभा रहे हैं। वैसे इससे परे प्रियंका का नाम ऋतिक रोशन की 'कृष 4' और फरहान अख्तर की 'डॉन 3' से भी जुड़ रहा है।