'हनुमान अंश 2' में दिखेंगे अनुष्का शर्मा और विराट कोहली? जानिए क्या बोलीं फिल्म निर्माता
क्या है खबर?
बॉलीवुड निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' का गुणगान इस वक्त हर कोई कर रहा है। 7 अगस्त को बिना शोर-शराबा के साथ यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई। शुरुआत में खराब प्रदर्शन करने के बाद अचानक इसने रफ्तार पकड़ी। यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी सफल फिल्म बनकर उभरी है और अब इसका सीक्वल चर्चा में है। इस बीच, फिल्म की निर्माता नम्रता सिंह ने बताया कि सीक्वल में कई बड़े चेहरे कैमियो करते दिख सकते हैं।
संभावना
सीक्वल को लेकर मशहूर हस्तियों से संपर्क किया गया
टाइम्स नाउ के मुताबिक, नम्रता से 'हनुमान अंश 2' में अनुष्का शर्मा, विराट कोहली और जूलिया रॉबर्ट्स जैसे नीम करोली बाबा के मशहूर अनुयायियों के शामिल होने की संभावना के बारे में पूछा गया था।
इस दौरान उन्होंने इन संभावनाओं से इनकार नहीं किया और बताया कि वह उनमें से कई लोगों से बात कर रही हैं।
उन्होंने कहा, "मैंने उनमें से कुछ से संपर्क किया है और उन्हें फिल्म के बारे में पहले से ही पता था।"
निर्माण
कैंची धाम पर ध्यान केंद्रित होगा सीक्वल
नम्रता ने 'हनुमान अंश' की दूसरी और तीसरी कड़ी से संबंधित योजनाओं के बारे में भी बताया।
उन्होंने कहा कि फिल्म की पहली कड़ी में जहां नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवन को दर्शाया गया था, वहीं दूसरे भाग में कैंची धाम पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
इसके तीसरे भाग में कहानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की योजना है।
कमाई की बात करें, तो 'हनुमान अंश' 34 दिनों में 153 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर चुकी है।