'इंडियन आइडल 16': ज्योतिर्मयी नायक के सिर सजा ताज, चमचमाती ट्रॉफी के साथ जीती मोटी रकम
क्या है खबर?
संगीत रियलिटी शो 'इंडियन आइडल सीजन 16' को आखिरकार अपना विजेता मिल गया है। महीनों के कड़े मुकाबले और सुरों की जंग के बाद ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने 'इंडियन आइडल 16' की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ग्रैंड फिनाले में तनिष्क शुक्ला के साथ कड़े मुकाबले के बीच ज्योतिर्मयी ने जनता के रिकॉर्डतोड़ वोटों के दम पर ये शानदार जीत हासिल की। ज्योतिर्मयी को ट्रॉफी के साथ भारी-भरकम इनामी राशि से नवाजा गया है।
जीत
सुरों की मल्लिका ज्योतिर्मयी नायक बनीं 'इंडियन आइडल' की विजेता
'इंडियन आइडल' को अपना नया सरताज मिल गया है।
अपनी सुरीली आवाज और बेमिसाल गायकी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली ज्योतिर्मयी नायक ने ये ऐतिहासिक ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ऑडिशन से लेकर ग्रैंड फिनाले तक, ज्योतिर्मयी की हर परफॉर्मेंस ने जजों के साथ-साथ दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
कड़ी टक्कर के बावजूद अपने अटूट हौसले और सुरों के जादू से उन्होंने इस संगीत रियलिटी शो का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
ट्विटर पोस्ट
ज्योतिर्मयी नायक ने जीती 'इंडियन आइडल 16' की ट्रॉफी
The moment we've all been waiting for🏆#jyotirmayeenayak_official18#IndianIdol #IndianIdolOnSonyLIV #SonyLIV #SonyLIVShows #WeekendEntertainment pic.twitter.com/6Iy9OFD7YI
— Sony LIV (@SonyLIV) July 26, 2026
सफर
कैंसर मरीजों की दुआओं से 'इंडियन आइडल' तक पहुंचीं ज्योतिर्मयी
ज्योतिर्मयी की संगीतमय यात्रा भक्ति और क्षेत्रीय गीतों से गहराई से प्रभावित रही है। उन्होंने संगीत को केवल कला न मानकर, कैंसर रोगियों के मानसिक उपचार के लिए 'म्यूजिक थेरेपी' के रूप में प्रयोग किया।
उनका मानना है कि मरीजों की सेवा से मिले आशीर्वाद के बल पर ही वो 'इंडियन आइडल' के मंच तक पहुंच सकीं।
अब वो बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगर बनकर अपनी नई पहचान बनाने की उम्मीद कर रही हैं।
आभार
ज्योतिर्मयी ने अपनी जीत पर जताया आभार
इस सीजन के टॉप 6 फाइनलिस्ट अंशिका चोंकर, ज्योतिर्मयी नायक, तनिष्क शुक्ला, मनराज वीर सिंह, माइस्मी बसु और सुहेल सूफी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
ज्योतिर्मयी ने अपनी इस शानदार जीत पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "ये यात्रा लगभग 1 साल लंबी रही... खुशी है कि यह सफल साबित हुई और मुझे ये ट्रॉफी मिली।"
फिनाले को उषा उत्थुप, उदित नारायण, कुमार सानू, उर्मिला मातोंडकर और शहनाज गिल की मौजूदगी ने यादगार बना दिया।
फिनाले
धमाकेदार फिनाले के साथ खत्म हुआ 'इंडियन आइडल 16'
'इंडियन आइडल 16' का फिनाले धमाकेदार रहा, जिसकी मेजबानी आदित्य नारायण ने संभाली।
इस पूरे सीजन में प्रतियोगियों का मार्गदर्शन श्रेया घोषाल, बादशाह और विशाल ददलानी ने किया, हालांकि अपने पूर्व तय काम की वजह से विशाल फिनाले का हिस्सा नहीं बन सके।
रात 8 बजे सोनी टीवी और सोनी लिव पर प्रसारित हुए इस महामुकाबले में आखिरकार विजेता के नाम का ऐलान कर दिया गया, जिसके साथ ही फैंस का लंबा इंतजार भी खत्म हो गया।
शुरुआत
अक्टूबर, 2025 में शुरू हुआ था 'इंडियन आइडल' का 16वां सीजन
'इंडियन आइडल 16' का आगाज 18 अक्टूबर, 2025 को 'यादों की प्लेलिस्ट' थीम के साथ हुआ था।
महीनों के कड़े संगीतमय सफर और कई एपिसोड्स के बाद मुकाबला 6 फाइनलिस्ट्स तक पहुंचा।
अपने शुरुआती सीजन से ही इस मंच ने अभिजीत सावंत, श्रीराम चंद्रा, एलवी रेवंत और पवनदीप राजन जैसे गायकों को पहचान दी है। यही नहीं, नेहा कक्कड़, राहुल वैद्य और मोनाली ठाकुर जैसे कई कलाकारों ने भी इसी शो से निकलकर संगीत इंडस्ट्री में अपना परचम लहराया है।