बॉलीवुड की इन चर्चित फिल्मों का हॉलीवुड बना चुका रीमेक, अब 'महाराजा' की बारी
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा के अभिनेता विजय सेतुपति की फिल्म 'महाराजा' हॉलीवुड का रुख कर रही है। इसका आधिकारिक हॉलीवुड रीमेक बनने जा रहा है, जो तमिल सिनेमा के इतिहास की पहली बड़ी उपलब्धि है। देखा जाए तो पिछले कुछ सालों में भारतीय सिनेमा में कई चर्चित हिंदी फिल्मों का या तो आधिकारिक अंग्रेजी रूपांतरण हुआ है या उन्होंने हॉलीवुड फिल्मों को प्रेरित किया है। आज हम आपको ऐसी ही कुछ बॉलीवुड फिल्मों के बारे में बताएंगे।
#1 & #2
'अ वेडनसडे' और 'परिंदा'
नसीरुद्दीन शाह की फिल्म 'अ वेडनसडे' 2008 में रिलीज हुई थी, जिसकी कहानी एक आम आदमी और पुलिस कमिश्नर के बीच एक दिन की घटना पर आधारित है।
2013 में हॉलीवुड ने इसका आधिकारिक रीमेक बनाया जिसे 'ए कॉमन मैन' नाम दिया गया था। इसमें बेन किंग्सले और बेन क्रॉस मुख्य किरदारों में थे।
अनिल कपूर की फिल्म 'परिंदा' (1989) भी हॉलीवुड में पहुंच चुकी है। इसे 'ब्रोकन हॉर्सेस' नाम से 2015 में रिलीज किया गया था।
#3 & #4
'रंगीला' और 'विक्की डोनर'
आमिर खान और उर्मिला मातोंडकर की फिल्म 'रंगीला' 1995 में रिलीज हुई थी। इसकी कहानी अभिनेत्री बनने का सपना देखने वाली युवती और उसके ट्रायएंगल लव पर आधारित थी।
2004 में आई हॉलीवुड फिल्म 'विन अ डेट विद टैड हैमिल्टन' को 'रंगीला' से मिलता-जुलता बताया जाता है।
आयुष्मान खुराना की फिल्म 'विक्की डोनर' (2012) भी इस सूची में शामिल है, जिसका रूपांतरण 'डिलीवरी मैन' 2013 में देखने को मिला। अक्सर ही इन दोनों फिल्मों की तुलना की जाती है।