'आदिपुरुष' में प्रभास से पहले ये अभिनेता पर्दे पर ले चुके हैं राम का अवतार
इन दिनों फिल्म 'आदिपुरुष' चर्चा में है। यह फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। इसने रिलीज से पहले ही खूब कमाई कर ली है। ऐसे में माना जा रहा है कि बॉक्स ऑफिस पर यह जबरदस्त कमाई के साथ अपना खाता खोलेगी। बहरहाल, इस फिल्म के जरिए प्रभास अपने करियर में पहली बार भगवान श्रीराम का किरदार निभाने जा रहे हैं। एक नजर डालते हैं उन अभिनेताओं पर, जो पहले राम का रोल कर चुके हैं।
अरुण गोविल
जब भी पर्दे पर भगवान राम के किरदार का जिक्र होता है तो फौरन अभिनेता अरुण गोविल का चेहरा आंखों के सामने आ जाता है। उन्होंने भगवान राम की भूमिका को पर्दे पर इतनी शिद्दत से निभाया कि उन्हें शामिल किए बिना लिस्ट पूरी नहीं होती। 1987 में आई टीवी सीरीज 'रामायण' ने अरुण को रातों रात भगवान बना दिया था। उनकी दीवानगी का आलम कुछ ऐसा था कि लोग उन्हें असल में भगवान राम की तरह पूजने लगे थे।
गुरमीत चौधरी
भगवान राम की बात होती है तो गुरमीत चौधरी की याद भी जरूर आती है। टीवी शो 'रामायण' में उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया। सुंदर और तेजस्वी चेहरा, शांत स्वाभाव, चेहरे पर मुस्कान, मीठे बोल और पूरी तरह से मर्यादित। ये वो गुण हैं, जिनके लिए हम भगवान राम को याद करते हैं। जब राम का किरदार गुरमीत ने निभाया तो उन्होंने उनके इन सभी गुणों को धारण कर लिया। इसके बाद उनकी फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ।
जितेंद्र
जितेंद्र ने 1997 में हिंदी पौराणिक फिल्म 'लव कुश' में भगवान राम का किरदार निभाया था और दर्शकों से खूब वाहवाही लूटी थी। जितेंद्र ने अपने किरदार के साथ पूरा इंसाफ किया था। फिल्म में अरुण गोविल ने लक्ष्मण का किरदार निभाया था और अभिनेत्री जया प्रदा माता सीता की भूमिका में थीं। दारा सिंह फिल्म में हनुमान बने थे। वी मधुसूदन राव ने इस फिल्म का निर्देशन किया था।
एनटी रामाराव
दक्षिण भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता एनटी रामाराव ने कई बार पर्दे पर भगवान राम का किरदार निभाया। उन्हें इस किरदार में खूब पसंद किया गया। 1975 में रिलीज हुई फिल्म 'श्री राम अंजनेय युद्धम' में था। यह एक तेलुगु पौराणिक फिल्म है, जिसमें एनटीआर ने अपनी प्रभावशाली मौजूदगी दर्ज कराई और दर्शकों को अपने प्रदर्शन से मोहित कर लिया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'राम राज्यम' में भी राम की भूमिका निभाई और वह जनता के मसीहा बन गए।
प्रेम अदीब
बड़े पर्दे पर श्रीराम का किरदार निभाने वाले अभिनेताओं का नाम आए तो प्रेम अदीब का नाम जरूर आता है। प्रेम ने 1-2 नहीं, बल्कि 8 फिल्मों में श्रीराम की भूमिका निभाई और उन्हें इसी भूमिका के लिए पहचाना जाने लगा। उनकी फिल्मों में 'राम राज्य' भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में मुताबिक, यह इकलौती हिंदी फिल्म थी, जो महात्मा गांधी ने देखी थी। 1943 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन विजय भट्ट ने किया था।