'प्रधमा दृष्ट्या कुट्टक्कर' का मोशन पोस्टर रिलीज, दमदार पुलिस अफसर के अवतार में दिखीं पार्वती थिरुवोथु
मशहूर अभिनेत्री पार्वती थिरुवोथु की आने वाली नई थ्रिलर फिल्म 'प्रधमा दृष्ट्या कुट्टक्कर' का पहला मोशन पोस्टर हाल ही में सोशल मीडिया पर रिलीज कर दिया गया है। शाहद के निर्देशन में बन रही यह थ्रिलर फिल्म एक सस्पेंस और जांच पर आधारित कहानी है, जिसके पोस्टर में पार्वती थिरुवोथु उन 4 पुलिस अधिकारियों में से एक के रूप में नजर आ रही हैं, जो काफी तनाव और दबाव में दिख रहे हैं। दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने वाली ये थ्रिलर फिल्म 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
पार्वती थिरुवोथु की भूमिका
फिल्म में पार्वती थिरुवोथु के साथ मैथ्यू थॉमस, विजया राघवन, उन्निमया प्रसाद, सिद्धार्थ भरथन और अजीज नेदुमंगद जैसे कई जाने-माने कलाकार भी हैं। इसकी कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पति एक पुलिस अधिकारी था। अपने पति की मौत के बाद वो खुद पुलिस बल में शामिल हो जाती है। फिल्म की शूटिंग कोट्टायम और कुट्टनाड सहित कई अलग-अलग जगहों पर की गई है। फिल्म का संगीत मुजीब मजीद ने तैयार किया है, वहीं समीरा सनीश ने इसके लिए पोशाकें डिजाइन की हैं।