नवाजुद्दीन सिद्दीकी की 'कबूतर' में दिखेगा पुरानी दिल्ली का अनोखा जादू, जिन्न की चिट्ठियां खंगालेगा जासूस
अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी जल्द ही फिल्म 'कबूतर' में नजर आएंगे। ये लेखक और निर्देशक इशान शर्मा की पहली फीचर फिल्म है। इसमें नवाजुद्दीन महबूब नाम के एक स्ट्रीट डिटेक्टिव का किरदार निभाएंगे, जो पुरानी दिल्ली में रहता है। वो एक जिन्न के नाम लिखी गई चिट्ठियों को चुपके से पढ़कर ऐसे लोगों को ढूंढता है, जिन्हें उसकी मदद की जरूरत होती है। कहानी में उसकी मुलाकात नाओको नाम की एक जापानी पर्यटक और रूबी नाम के एक बच्चे से होती है। इस फिल्म को भारत, फ्रांस और नॉर्वे की कंपनियां मिलकर बना रही हैं। इसके निर्माता निखिल चौधरी हैं और शूटिंग 2027 की शुरुआत में दिल्ली में शुरू होने की योजना है।
पुरानी दिल्ली के अलग-अलग किरदारों को साथ लाएगी 'कबूतर'
'कबूतर' में पुरानी दिल्ली के कई दिलचस्प किरदार देखने को मिलेंगे। इनमें नाओको नाम की एक जापानी पर्यटक है, जो अपने अतीत से जुड़े सवालों के जवाब तलाश रही है, वहीं रूबी नाम का एक छोटा बच्चा अपने माता-पिता को ढूंढ रहा है। फिल्म पुरानी दिल्ली की मिली-जुली संस्कृति और वहां की जिंदगी को दिखाएगी। निर्माता निखिल चौधरी ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी की तारीफ करते हुए उन्हें बेमिसाल अभिनेता बताया। उन्होंने कहा कि नवाजुद्दीन दिल्ली को अच्छी तरह जानते हैं, इसलिए वो इस किरदार में आसानी से ढल गए। फिल्म की कहानी और अंतरराष्ट्रीय टीम के जरिए इसे दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।