2021 में बॉलीवुड के इन नए कलाकारों ने अभिनय से जीता दिल
क्या है खबर?
2021 अपने अंतिम पड़ाव पर है और बॉलीवुड में भी इस साल काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मुश्किल परिस्थितियों में कलाकारों ने अपने प्रोजेक्ट को पूरा किया।
इसी बीच इंडस्ट्री में कुछ नई प्रतिभाओं को भी पनपने का मौका मिला। कई कलाकारों ने अपने प्रदर्शन से फैंस और समीक्षकों की वाहवाही भी बटोरी।
आज आपको कुछ ऐसे कलाकारों से रूबरू कराएंगे, जिन्होंने इस साल अपने अभिनय की छाप छोड़ी।
आइए जानते हैं।
#1
आदर्श गौरव
कई छोटे रोल करने के बाद आदर्श गौरव को 'द व्हाइट टाइगर' में दहाड़ने का मौका मिला। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
इसमें उनके साथ मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और राजकुमार राव को देखा गया था। फिल्म में आदर्श के अभिनय ने सभी का ध्यान आकर्षित किया था। इस फिल्म के लिए दुनियाभर में उन्हें वाहवाही मिली थी।
वह आने वाले दिनों में जलवायु परिवर्तन पर आधारित इंटरनेशनल सीरीज 'एक्सट्रपलेशन्स' में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
#2
सनी हिंदुजा
सनी हिंदुजा को इस साल कई बड़े प्रोजेक्ट में देखा गया है। 'द वायरल फीवर' (TVF) की सीरीज 'एस्पिरेंट्स' में उनके अभिनय को पसंद किया गया।
इस साल उन्हें वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' में देखा गया है। मनोज बाजपेयी के अभिनय से सजी इस सीरीज को दर्शकों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। इसमें सनी ने बेहतर प्रदर्शन किया।
वह हाल में 'इनसाइड एज 3' में दिखे थे। वह कार्तिक आर्यन की फिल्म 'शहजादा' में भी दिखेंगे।
#3
साई तम्हंकर
साई तम्हंकर एक भारतीय अभिनेत्री हैं, जिन्होंने मुख्य तौर पर मराठी, हिन्दी, तमिल, और मलयालम भाषा की फिल्मों में काम किया है।
मासूम सी दिखने वाली साई ने कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें असल पहचान मिली कृति सैनन की 'मिमी' से। 'मिमी' 26 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर आई थी।
इस फिल्म में उन्होंने कृति के दोस्त का किरदार निभाया था। इस साल वह 'नवरसा' और 'समांतर' जैसे वेब प्रोजेक्ट में भी नजर आई हैं।
#4
अमृता सुभाष
अमृता सुभाष भी उन कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन के बदौलत सुर्खियां बटोरी हैं। उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिल चुका है।
'गली बॉय' में रणवीर सिंह की मां की भूमिका निभाने के बाद उन्हें शोहरत मिली थी।
इस साल उन्होंने 'बॉम्बे बेगम्स' में बार डांसर लिली की भूमिका निभाई है। कार्तिक आर्यन की फिल्म 'धमाका' में भी उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। फिल्म में वह कार्तिक की बॉस की भूमिका में थीं।
#5
अंशुमान पुष्कर
अंशुमान पुष्कर इंडस्ट्री के उभरते हुए अभिनेता हैं। इस साल उन्होंने भी अपने कामकाज से दर्शकों को प्रभावित किया है। उन्हें डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब सीरीज 'ग्रहण' से विशेष लोकप्रियता मिली।
यह सीरीज 1984 के सिख विरोधी दंगों पर आधारित है। सीरीज सत्य व्यास के उपन्यास 'चौरासी' पर आधारित है। इस सीरीज का निर्देशन रंजन चंदेल ने किया है।
इस सीरीज ने अंशुमान की प्रतिभा को एक बड़ा मंच प्रदान किया।