बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला इम्तियाज अली का जादू, पहले दिन 'मैं वापस आऊंगा' की सुस्त शुरुआत
मशहूर फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' को बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन दर्शकों का कुछ खास साथ नहीं मिला। दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी की मुख्य भूमिकाओं से सजी इस फिल्म ने बेहद ठंडी शुरुआत की है।
देशभर में कुल 2,302 शोज मिलने के बावजूद ये फिल्म पहले दिन केवल डेढ़ करोड़ रुपये की कमाई ही कर पाई। इतना ही नहीं, ओपनिंग डे पर सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी कमी देखी गई और सिर्फ 11 प्रतिशत सीटें ही भर सकीं। बेहतरीन कलाकारों और बड़े निर्देशक के नाम के बाद भी फिल्म का ऐसा फीका रिस्पॉन्स वाकई हैरान करने वाला है
खराब रिव्यू के बाद भी 'लव आजकल 2' ने पहले दिन कमाए थे 12 करोड़
इसके मुकाबले इम्तियाज अली की ही पिछली फिल्म 'लव आज कल 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कहीं बेहतर शुरुआत की थी। कई खराब समीक्षाओं के बावजूद उस फिल्म ने पहले दिन 12.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। बात करें 'मैं वापस आऊंगा' की तो इसमें नसीरुद्दीन शाह और संजय सूरी जैसे मंझे हुए कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी एक 95 साल के बुजुर्ग और उनके पोते के इर्द-गिर्द घूमती है। यहां बुजुर्ग अपने पोते की मदद से भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से पहले के दौर की यादों को फिर से जीवंत करते हैं। समीक्षकों ने फिल्म के दृश्यों की तो सराहना की है, लेकिन उनकी राय है कि फिल्म की धीमी गति और फीके रोमांस ने इसे कमजोर कर दिया है।