इम्तियाज अली के घर बजी शहनाई, बेटी इडा की हुई सगाई
मशहूर निर्दशक इम्तियाज अली की बेटी इडा अली ने अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड कृष अग्रवाल से सगाई कर ली है।
इम्तियाज ने इस खुशी की खबर सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी फोटो के साथ साझा की है, जिसमें यह जोड़ा अंगूठियां बदलता दिख रहा है।
साझा की गई तस्वीर में इडा बेबी पिंक साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही हैं, वहीं कृष ब्लैक शेरवानी में काफी जंच रहे हैं।
इम्तियाज ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए सभी से इस नए जोड़े को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।
क्या करते हैं इडा और कृष?
इडा ने सिर्फ 17 साल की उम्र में अपनी शॉर्ट फिल्म 'लिफ्ट' का निर्देशन कर फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख दिया था। इसके अलावा, उन्होंने अमेजन मिनीटीवी के लिए 'उलझे हुए' भी लिखा है।
उन्होंने अपनी फिल्ममेकिंग की पढ़ाई कैलिफोर्निया की चैपमैन यूनिवर्सिटी के डॉज कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया आर्ट्स से पूरी की है।
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, इडा ने 'रिफ्रेश' नाम का एक यूथ मेंटल हेल्थ प्लेटफॉर्म भी शुरू किया और 'व्हाई आर द कर्टेंस ब्लू' नाम के पॉडकास्ट की सह-मेजबानी भी करती हैं।
वहीं, कृष की बात करें तो, वह एक हेज फंड में क्वांटिटेटिव रिसर्चर के तौर पर काम करते हैं। इस तरह उनका फिल्म की दुनिया से कोई सीधा नाता नहीं है।
फिर भी, वे कई सालों से एक-दूसरे के साथ हैं और सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी यात्राओं की झलकियां और तस्वीरें साझा करते रहते हैं।