कंगना रनौत से टकराव पर इम्तियाज अली बोले- हमने पहले ऐलान किया, जो होगा; देखा जाएगा
क्या है खबर?
कंगना रनौत की आगामी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' के साथ बॉक्स ऑफिस टकराव को लेकर जाने-माने निर्देशक इम्तियाज अली का एक बेबाक बयान सामने आया है। अपनी नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के टकराव पर खुलकर बात करते हुए इम्तियाज ने दोटूक शब्दों में कहा कि उन्होंने अपनी फिल्म की रिलीज का ऐलान पहले ही कर दिया था, इसलिए अब उनके पीछे हटने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। क्या कुछ बोले इम्तियाज, आइए जानते हैं।
मुकाबला
इन फिल्मों से भिड़ेगी इम्तियाज की फिल्म
इम्तियाज की शरवरी वाघ, वेदांग रैना, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह जैसे सितारों से सजी फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' 12 जून को रिलीज होने वाली है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान इम्तियाज ने बॉक्स ऑफिस पर होने वाले महा-मुकाबले पर खुलकर बात की, जहां उनकी फिल्म का सामना कंगना की 'भारत भाग्य विधाता', मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर: द साइलेंट सेविअर' और विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' जैसी 3 फिल्मों से होने जा रहा है।
बयान
पहले हमने ऐलान की थी रिलीज तारीख- इम्तियाज
फ्री प्रेस जर्नल से इम्तियाज ने कहा कि जब उन्होंने अपनी फिल्म की रिलीज का ऐलान किया था, तब वो अकेले थे, लेकिन बाद में 3 और फिल्में इसी तारीख पर आ गईं। बॉक्स ऑफिस टकराव पर उन्होंने कहा कि ये चीजें उनके नियंत्रण में नहीं हैं। उन्होंने साफ किया कि आमतौर पर फिल्म इंडस्ट्री में एक 'भाईचारा' होता है, जहां लोग एक-दूसरे से बात करके अपनी रिलीज तारीख आगे-पीछे कर लेते हैं और ये तरीका काम भी करता है।
दो टूक
"जो होगा देखा जाएगा, टकराव होना तो तय है"
इम्तियाज ने कहा, "ये मैं पहली बार सुन रहा हूं कि बाकी 3 फिल्में भी इसी दिन रिलीज की जा रही हैं, लेकिन अगर अब ऐसा हो ही रहा है तो जो होगा देखा जाएगा। साल में केवल 52 हफ्ते होते हैं और हर साल 52 से ज्यादा फिल्में रिलीज होती हैं, इसलिए, ऐसा (टकराव) होना तो तय है।" हाल ही में मुंबई में 'मैं वापस आऊंगा' का ट्रेलर लॉन्च किया गया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा है।
जॉनर
हाई-वोल्टेज ड्रामा, थ्रिलर और हॉरर का डोज
बता दें कि 12 जून को रिलीज होने बाकी तीनों फिल्मों में दर्शकों को अलग-अलग जॉनर का रोमांच देखने को मिलेगा। कंगना की 'भारत भाग्य विधाता' है में हाई-वोल्टेज ड्रामा होने की उम्मीद है तो मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर: द साइलेंट सेविअर' सस्पेंस से भरपूर है, वहीं तीसरी फिल्म विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' है, जो दर्शकों को डराने के लिए एक हॉरर-थ्रिलर के रूप में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।