Loading...
इमरान खान ने कर ली तैयारी, 10 साल के बाद इस फिल्म से करेंगे दमदार वापसी
इमरान खान ने सिनेमा में वापसी की पुष्टि की

इमरान खान ने कर ली तैयारी, 10 साल के बाद इस फिल्म से करेंगे दमदार वापसी

Aug 04, 2026
01:54 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान की सिनेमा में वापसी का इंतजार उनके फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार साल 2015 में आई फिल्म 'कट्‌टी बट्‌टी' में देखा गया था, जिसमें उनके साथ कंगना रनौत थीं। अपने चाहने वालों का इंतजार करते हुए इमरान ने आखिरकार पुष्टि कर दी कि वह लौटने के लिए पूरी से तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया कि उनकी रॉम-कॉम फिल्म 'अधूरे हम अधूरे तुम' की शूटिंग पूरी हो चुकी है।

रिलीज

OTT पर दस्तक देगी इमरान की फिल्म

द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में, इमरान ने 'अधूरे हम अधूरे तुम' को लेकर अपडेट दिया।

उन्होंने कहा, "मैंने अभी-अभी एक नई फिल्म की शूटिंग पूरी की है। ये 10 साल बाद मेरी पहली फिल्म है और हम फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन में हैं। इसका नाम 'अधूरे हम अधूरे तुम' है। यह नेटफ्लिक्स के लिए है और इस साल के आखिर तक रिलीज होने वाली है। यह एक परिपक्व रोमांटिक-कॉमेडी है... जो मेरी वर्तमान उम्र के हिसाब से बिल्कुल सही है।"

परियोजना

"ये वो फिल्म है जिसे 10 साल बाद बनाना ही था"

अभिनेता ने आगे कहा, "मैंने अभी-अभी एक बहुत ही प्रतिभाशाली युवा अभिनेत्री, गुरफतेह पीरजादा के साथ काम किया है। 'अधूरे हम अधूरे तुम'। यह वो फिल्म है, जिसे मुझे 10 साल बाद बनाना ही था।"

इमरान पिछले काफी समय से लाइमलाइट से दूर चल रहे थे। इस साल की शुरुआत में उन्होंने वीर दास की फिल्म 'हैप्पी पटेल' में छोटा सा कैमियो करके दर्शकों को चौंकाया था, लेकिन मुख्य अभिनेता के तौर पर उनकी वापसी का फैंस को इंतजार है।

ADVERTISEMENT