OCI स्टेटस रद्द होने पर भड़के इमरान खान, मुंबई पुलिस से मांगे पक्के सबूत
क्या है खबर?
इमरान खान ने फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) द्वारा उनका ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) स्टेटस रद्द करने के नोटिस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने नोटिस के आधारों को "अस्पष्ट और विरोधाभासी" बताते हुए मुंबई पुलिस द्वारा सौंपी गई गोपनीय रिपोर्ट और सबूतों को सार्वजनिक करने की मांग की है। इमरान ने यह रुख हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के FRRO के नोटिस से राहत मिलने के बाद उठाया है।
मांग
इमरान ने OCI रद्द करने के नोटिस को दी चुनौती
टाइम्स नाउ के मुताबिक, इमरान ने FRRO को लिखा कि उनके OCI स्टेटस को रद्द करने के लिए जो आधार बताए गए हैं, वे अस्पष्ट और उल्टे हैं।
अभिनेता ने FRRO से मांग की कि फैसला लेने की प्रक्रिया में निष्पक्षता, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मटीरियल और सबूत बताए जाएं।
उन्होंने बताया कि उन्हें मुंबई पुलिस द्वारा उनके खिलाफ दिया गया मटीरियल नहीं दिया गया, जिसके आधार पर नोटिस तैयार किया गया था।
मामला
FRRO ने क्यों इमरान के खिलाफ निकाला नोटिस?
विवाद 10 अक्टूबर को मुंबई में एक प्रदर्शन से उपजा जिसमें इमरान पहुंचे थे, वहां उन्हें कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया गया था।
14 अक्टूबर को, FRRO ने उनके खिलाफ 'भारत छोड़ो नोटिस' जारी किया, जिसमें US नागरिक को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया था। फिर 17 अक्टूबर को OCI स्टेटस रद्द करने के लिए नोटिस जारी हुआ।
बता दें, OCI इमरान को अनिश्चित काल तक भारत में रहने की अनुमति देता है।