ब्रॉडवे स्टार इमानी दीया स्मिथ की 25 की उम्र में निर्मम हत्या, बॉयफ्रेंड ने ली जान
क्या है खबर?
ब्रॉडवे म्यूजिकल शो 'द लॉयन किंग' में युवा नाला का किरदार निभाकर मशहूर हुईं इमानी दीया स्मिथ का 25 साल की उम्र में निधन हो गया है। इमानी का शव अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित एक आवास से बरामद किया गया, जहां उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई गंभीर घाव पाए गए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में इमानी के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
दुखद
घर से बरामद हुआ अभिनेत्री का शव, प्रथम श्रेणी हत्या का मामला दर्ज
अमेरिका के न्यू जर्सी के एडिसन इलाके में 21 दिसंबर को एक घर से इमानी का शव बरामद किया गया। 911 कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें न्यू ब्रंसविक स्थित रॉबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इमानी के बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी जैक्सन स्मॉल पर उनकी हत्या का आरोप लगा है। जैक्सन को उसी रात पुलिस ने पकड़ लिया था। उस पर प्रथम श्रेणी की हत्या का आरोप लगा है।
अपराध
जॉर्डन पर पहले से दर्ज थे अपराध के कई मामले
इमानी की मौत चाकू से किए गए दर्दनाक हमले में हुई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, अभिनेत्री के शरीर पर कई बार चाकू मारा गया था। उनके बॉयफ्रेंड जॉर्डन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है। उसके खिलाफ पहले से ही एक बच्चे की सुरक्षा को खतरे में डालने और हथियारों से जुड़े अन्य अपराधों के मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने साफ किया कि हमला किसी बाहरी ने नहीं किया, बल्कि आरोपी इमानी को पहले से जानता था।
परिवार
ब्रॉडवे स्टार इमानी के पीछे बेटा, माता-पिता और भाई-बहन
अब अभिनेत्री के पीछे उनका 3 साल का बेटा, माता-पिता और 2 छोटे भाई-बहन रह गए हैं। एडिसन पुलिस विभाग और मिडलसेक्स काउंटी अभियोजक कार्यालय जांच के बीच आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। इमानी ने 2011 से 2012 तक ब्रॉडवे पर जूनियर नाला का किरदार निभाया था। उनकी चाची कीरा हेल्पर ने कहा कि इमानी बहुत जीवंत, प्यारी और बेहद प्रतिभाशाली थीं। उनके मुताबिक, वो अभिनय के साथ-साथ नाचने और गाने में भी माहिर थीं।
शोक
3 साल के बेटे की मां इमानी की मौत पर दुख जता रहे प्रशंसक
इमानी की मौत से न सिर्फ थिएटर जगत में मातम पसर गया है, बल्कि प्रशंसकों को भी बड़ा झटका लगा है। एक ने कहा कि ब्रॉडवे पर काम कर चुकी इमानी एक मां भी थीं। ये मामला घरेलू हिंसा की गंभीर समस्या को याद दिलाता है। कइयों ने इमानी के परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। एक ने लिखा कि इमानी ने ब्रॉडवे पर खुशी बांटी थी, लेकिन अब उनका 3 साल का बेटा उनके पीछे रह गया है।