IFFM 2026: रेखा, ऋषभ शेट्टी और दुलकर सलमान ने मारी बाजी, जानें और किस-किसने जीता पुरस्कार
क्या है खबर?
इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 के विजेताओं की घोषणा हो चुकी है, जिसमें भारतीय सिनेमा के दिग्गजों का बोलबाला रहा। 'कांतारा' के लिए ऋषभ शेट्टी ने सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का खिताब अपने नाम किया तो वहीं सदाबहार अभिनेत्री रेखा को 'एक्सिलेंस इन सिनेमा' सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा, कई बेहतरीन कलाकारों और फिल्मों ने अलग-अलग श्रेणियों में अपनी छाप छोड़ी। यहां जानिए IFFM 2026 में किस-किसने मारी बाजी।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म
'लोका' बनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म
IFFM 2026 में फिल्म 'लोका चैप्टर 1: चंद्रा' ने बेस्ट फिल्म और 'द ग्रेट शमसुद्दीन फैमिली' ने स्पेशल मेंशन का सम्मान अपने नाम किया। रीमा दास की 'नॉट अ हीरो' को बेस्ट इंडी फिल्म का खिताब मिला, जबकि 'किंकरन दे फुल्ल' को स्पेशल मेंशन दिया गया।
'कांतारा: अ लीजेंड- चैप्टर 1' के लिए ऋषभ शेट्टी सवश्रेष्ठ निर्देशक चुने गए। 'कांथा' के लिए दुलकर सलमान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और 'फुल प्लेट' के लिए कीर्ति कुल्हारी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
सैयारा
'सैयारा' को पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड
IFFM 2026 में शहरबानू सादात की फिल्म 'नो गुड मेन' को उपमहाद्वीप की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का खिताब मिला, वहीं, मधूश्री दत्ता की 'फ्लाइंग टाइगर्स' ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का पुरस्कार जीता।
मोहित सूरी की फिल्म 'सैयारा' ने दर्शकों का दिल जीतते हुए 'पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड' अपने नाम किया, जबकि आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म 'सितारे जमीन पर' को सिनेमा में समानता का संदेश देने के लिए प्रतिष्ठित 'इक्वालिटी इन सिनेमा अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया।
उपलब्ध्रि
रेखा और रानी मुखर्जी को मिला खास सम्मान
बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री रेखा को भारतीय सिनेमा में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए 'प्रतिष्ठित एक्सिलेंस इन सिनेमा' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
समारोह में पंकज त्रिपाठी को 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' और रानी मुखर्जी को 30 साल के सिनेमाई सफर के लिए विशेष सम्मान मिला, वहीं वेब सीरीज श्रेणी में विजय वर्मा (मटका किंग) को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, रसिका दुगल (दिल्ली क्राइम 3) को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और 'फ्रीडम एट मिडनाइट 2' को बेस्ट सीरीज चुना गया।
दबदबा
IFFM ने दुनियाभर में पहुंचाया भारतीय सिनेमा का जादू
भारत के बाहर भारतीय सिनेमा को बढ़ावा देने वाला 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न' एक प्रमुख मंच है, जो भारत और उपमहाद्वीप की फिल्मों को एक साथ लाता है।
इसका मुख्य ध्यान कहानी कला में विविधता, समावेशिता और समानता पर रहता है, जिससे विभिन्न समुदायों की आवाज को पहचान मिलती है।
इस साल महोत्सव ने दर्शाया कि भारतीय कहानियों की पहुंच विदेशी दर्शकों तक कितनी गहरी हुई है, जिसमें थिएटर फिल्मों, OTT सीरीज, इंडी फिल्मों और डॉक्यूमेंट्रीज को देखा गया।