नेटफ्लिक्स पर रिलीज 'हेलो बच्चों' पसंद आई? अब इन सीरीज का OTT पर उठाएं लुत्फ
क्या है खबर?
द वायरल फीवर (TVF) अपनी नई वेब सीरीज 'हेलो बच्चों' लेकर आया है। यह एक बायोग्राफिकल ड्रामा शो है जिसकी कहानी फिजिक्सवाला के CEO अलख पांडे की असल जिंदगी, संघर्ष और सफलता से प्रेरित है। 5 एपिसोड वाली यह सीरीज 6 मार्च, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। मुख्य किरदार विनीत कुमार सिंह ने निभाया है। इसी तरह शिक्षा और छात्रों की जिंदगी पर बनी अन्य चर्चित सीरीज पहले भी आई हैं, जिन्हें OTT पर देखा जा सकता है।
#1 & #2
'कोटा फैक्ट्री' और 'एस्पिरेंट्स'
TVF छात्रों की जिंदगी से जुड़ी कई प्रेरणादायक कहानियां लेकर आया है। इसमें सबसे चर्चित नाम IMDb पर 9 रेटिंग वाली 'कोटा फैक्ट्री' का है जिसके 3 सीजन आ चुके हैं। यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर मौजूद है और इसमें इंजीनियरिंग और मेडिकल छात्रों का संघर्ष दिखाया गया है। 'एस्पिरेंट्स' का तीसरा सीजन 13 मार्च, 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। IMDb पर 9.1 रेटिंग वाली यह कहानी UPSC छात्रों के संघर्ष, चुनौतियों और दोस्ती पर आधारित है।
#3 & #4
'लाखों में एक' और 'हाफ CA'
अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद वेब सीरीज 'लाखों में एक' को 8.1 की IMDb रेटिंग मिली है। इसकी कहानी छात्रों पर पढ़ाई के दबाव, माता-पिता की अधूरी इच्छाओं के बोझ और IIT प्रवेश की अंधी दौड़ पर बुनी गई है। 'हाफ CA' एक लोकप्रिय हिंदी सीरीज है जिसमें चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की तैयारी करने वाले छात्रों के जीवन और उनके संघर्षों को बहुत ही शानदार तरीके से दर्शाया गया है। यह सीरीज अमेजन मिनी टीवी पर उपलब्ध है।
#5
'को-एड'
अमेजन मिनी टीवी पर माैजूद वेब सीरीज 'को-एड' को IMDb पर 7.6 की रेटिंग हासिल हुई है। 'द एलिफेंट व्हिस्परर्स' के लिए ऑस्कर विजेता गुनीत मोंगा कपूर द्वारा निर्मित इस सीरीज का निर्देशन साकिब पांडोर ने किया है। इसकी कहानी उदयपुर के दो जुड़वां भाई-बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी जिंदगी में उस समय बड़ा बदलाव आता है, जब उनके अलग-अलग स्कूल अचानक एक हो जाते हैं। सीरीज में वरुण बडोला और राजेश्वरी सचदेव जैसे सितारे अहम किरदार में हैं।