माधुरी दीक्षित बोलीं- असल जिंदगी तो मैंने शादी के बाद जी और जी रही हूं
क्या है खबर?
राजस्थान की गुलाबी नगरी बॉलीवुड की रंगीन दुनिया में रंग चुकी है। मुंबई छोड़ आधी से ज्यादा फिल्म इंडस्ट्री इस समय पिंक सीटी जयपुर में जुटी हुई है।
आज यानी 8 मार्च से शुरू हो रहे IIFA अवॉर्ड्स 2025 के रंगारंग कार्यक्रम से पहले इसकी शुरुआत 7 मार्च से ही हो चुकी है।
IIFA की पूर्व संध्या पर भारतीय सिनेमा में महिलाओं के सफर पर चर्चा हुई। इस चर्चा में माधुरी दीक्षित और फिल्म निर्माता गुनीत मोंगा भी शामिल थीं।
बदलाव
भारतीय सिनेमा में महिलाओं की भूमिका के बारे में क्या बोलीं माधुरी?
माधुरी बोलीं, "हमारे जमाने में फिल्म सेट पर सिर्फ हमारी सह-अभिनेत्रियां और हेयर ड्रेसर हुआ करती थीं। मैंने वहां किसी भी विभाग में कोई महिला नहीं देखी थी। अब हर जगह महिलाएं हैं। इतना ही नहीं उस वक्त भारतीय सिनेमा में महिला निर्देशक का होना भी बहुत बड़ी बात थी, क्योंकि वहां महिलाएं थीं ही नहीं। जब मैं काफी समय बाद सेट पर लौटी तो देखा कि हर डिपार्टमेंट में महिलाएं हैं। यह देखकर बड़ा गर्व महसूस होता है।"
निजी जिंदगी
निजी जिंदगी पर कही ये बात
फिल्मी दुनिया में हो रहे बदलावों के इस दौर में एक बेहतरीन अभिनेत्री की जिंदगी आपकी निजी जिंदगी को कितना प्रभावित करती है। इसके जवाब में माधुरी ने बताया कि जब उनकी शादी नहीं हुई थी, तब वह खूब काम करती थीं।
उन्होंने कहा, "मैं 3-3 शिफ्ट में काम किया करती थी। मैंने शादी के बाद अपनी जिंदगी जी है। आज मैं अपने पति और बच्चों के साथ जो जिंदगी जी रही हूं, वो मेरे लिए एक सपने जैसा है।"
फिल्में
महिला प्रधान फिल्मो पर भी बोलीं
माधुरी ने महिला प्रधान फिल्मों को लेकर कहा, "एक वक्त पर मैंने कई महिला केंद्रित फिल्में कीं, जैसे 'मृत्युदंड' और 'बेटा'। 'मृत्युदंड' करते वक्त कई लोगों ने कहा कि कमर्शियल सिनेमा करो्, लेकिन मैंने वो फिल्म कीं, क्योंकि उसमें महिला सशक्तिकरण की बात की गई थी। आज ये देखकर खुशी होती है कि कई ऐसी फिल्में बनती हैं, जिनकी कहानियों का केंद्र महिलाएं होती हैं। ये बदलाव एक दिन में नहीं आया।"
डांस
अपने इस सुपरहिट गाने पर थिरकीं माधुरी
माधुरी ने कहा, "इस बदलाव के पीछे कई उन फिल्मों और अभिनेत्रियों का हाथ है, जो लंबे समय से दमदार किरदार निभाती दिख रही हैं और वो महिलाएं शामिल हैं, जो पर्दे के पीछे भी काम कर रही हैं।"
इवेंट खत्म हो जाने के बाद माधुरी ने अपने सुपरहिट गाने 'एक-दो-तीन' पर जमकर डांस भी किया।
माधुरी दीक्षित इस साल IIFA अवॉर्ड नाइट में परफॉर्म करने वाली हैं। शाहरुख खान, करीना कपूर और शाहिद कपूर भी IIFA में परफॉर्म करेंगे।
जानकारी
आखिरी बार इस फिल्म में दिखी थीं माधुरी
काम के मोर्चे पर बात करें तो माधुरी को आखिरी बार कार्तिक आर्यन अभिनीत फिल्म 'भूल भुलैया 3' में देखा गया था और फिल्म में उन्होंने अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। बॉक्स ऑफिस पर भी यह फिल्म सफल रही थी।