हुमा कुरैशी की 'बेबी डू डाई डू' का टीजर हुआ रिलीज, जानें क्या है फिल्म में खास?
हुमा कुरैशी एक नए अंदाज में वापसी कर रही हैं। उनकी नई फिल्म 'बेबी डू डाई डू' एक क्राइम थ्रिलर है, जिसमें वह एक गूंगी-बहरी महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसका एक डरावना अतीत है।
यह फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अभी इसका टीजर आया है, जिसमें हुमा को भारत की पहली 'देशी' हिटवुमन के तौर पर दिखाया गया है।
वह अपनी खास लाल छतरी से दुश्मनों का सफाया करती दिख रही हैं। यह फिल्म हुमा के लिए एक बड़ा कदम है, क्योंकि वह इसके साथ निर्माता के तौर पर अपना डेब्यू कर रही हैं।
इसे उन्होंने अपने भाई साकिब सलीम के साथ मिलकर बनाया है।
हुमा के अलावा ये सितारे हैं फिल्म में
90 सेकंड का ये टीजर एक लड़की से शुरू होता है, जो अपनी मौत की कहानी सुना रही है। इसके बाद कहानी हुमा के रहस्यमयी किरदार पर आती है, जो दिखने में बहुत मासूम लगती है, लेकिन उसके भीतर एक खतरनाक खौफ छिपा है।
टीजर में उन्हें मुंबई की लोकल ट्रेनों में सफर करते हुए और छेड़छाड़ करने वालों का सामना करते हुए भी देखते हैं।
इससे इशारा मिलता है कि कैसे वह किसी दुखद घटना के बाद हिटवुमन बन जाती हैं और अपनी किस्मत बदलने का फैसला करती हैं।
इस फिल्म में सीमा पाहवा, चंकी पांडे, सिकंदर खेर और विद्या मालवड़े भी अहम किरदारों में दिखेंगे।