IFFM में दिखाई जाएगी हुमा कुरैशी की 'बयान', अभिनेत्री बोलीं- उम्मीद है लोग इससे जुड़ेंगे
क्या है खबर?
हुमा कुरैशी की फिल्म 'बयान' को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM 2026) में दिखाया जाएगा। विकास रंजन मिश्रा द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म फेस्टिवल की आधिकारिक सूची में शामिल हो गई है और इसे ऑस्ट्रेलिया के शहर मेलबर्न में दर्शकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पहले 'बयान' टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF 2025) के डिस्कवरी सेक्शन में प्रदर्शित हुई थी। बता दें कि फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 6 सितंबर, 2025 को किया गया था।
खुशी
'बयान' के प्रीमियर पर अभिनेत्री ने दी प्रतिक्रिया
IFFM में फिल्म के प्रीमियर से पहले हुमा ने खुशी जताते हुए कहा, "'बयान उन सबसे चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रूप से संतोषजनक फिल्मों में से एक है, जिसका हिस्सा बनने का मुझे मौका मिला है। फिल्म की ओर मुझे आकर्षित करने वाली बात न सिर्फ इसकी गहन पड़ताल थी, बल्कि सत्ता, सत्य और न्याय के बारे में उठाए गए सवाल भी थे। मुझे बेहद गर्व है कि 'बयान' को मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा।"
फिल्म
दृढ़ निश्चयी पुलिस अधिकारी की कहानी दिखाती है 'बयान'
'बयान' एक पुलिस-ड्रामा है, जिसमें हुमा ने 'रूही' नाम का किरदार निभाया है। उनका किरदार एक दृढ़ निश्चय वाली पुलिस अफसर का है, जिसे अपना पहला केस सुलझाने का अवसर मिलता है।
कहानी का सबसे चुनौतीपूर्ण भाग यही ही है, क्योंकि इसके तार एक जाने-माने नेता से जुड़े हैं जिस पर यौन उत्पीड़न का शक है। अपने फर्ज को निभाने के लिए रूही को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
फिल्म में हुमा दमदार अंदाज में नजर आती हैं।