रजनीकांत की गोदी में खेलने वाला ये बच्चा अब 'जेलर 2' में बचाएगा 'थलाइवा' की जान
क्या है खबर?
सिनेमाघरों में अब जल्द ही महा-धमाका होने जा रहा है। साउथ के 'थलाइवा' यानी रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जेलर' के सीक्वल 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन की एंट्री हो चुकी है। फिल्म में ऋतिक के धमाकेदार कैमियो पर मोहर लग चुकी है और उनकी शूटिंग की तारीखें भी गुपचुप तरीके से तय कर दी गई हैं। रजनीकांत के साथ ऋतिक का क्या रोल होने वाला है, आइए जानते हैं पूरी खबर।
रिपोर्ट
40 साल बाद पर्दे पर रजनीकांत के साथ दिखेंगे ऋतिक
वैराइटी इंडिया के मुताबिक, रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' में ऋतिक एक धमाकेदार कैमियो करते नजर आएंगे। इस फिल्म के जरिए रजनीकांत और ऋतिक रोशन पूरे 40 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इससे पहले दोनों साल 1986 में आई फिल्म 'भगवान दादा' में नजर आए थे। हफ्तों चली बातचीत के बाद ऋतिक ने आखिरकार इस रोल के लिए हां कर दी है और वे 22 और 23 जून को चेन्नई में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी करेंगे।
एक्शन
अपने एक्शन से होश उड़ाने आ रहे ऋतिक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋतिक फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले कई लुक टेस्ट देंगे, क्योंकि उनके किरदार के लिए एक नया और अनोखा अवतार तैयार किया जा रहा है। उनके हिस्से के दृश्य बड़े पैमाने पर फिल्माए जाएंगे, जिनमें दमदार एक्शन देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि उनका कैमियो कहानी के अहम मोड़ पर आएगा, जहां वो रजनीकांत के किरदार की मदद करते नजर आएंगे। 'वॉर 2' के बाद ये ऋतिक की अगली बड़ी फिल्म होगी।
उत्साह
इस महा-मिलन को लेकर उत्साहित हैं ऋतिक
रजनीकांत संग ऋतिक 40 साल बाद फिर स्क्रीन साझा करने के लिए बेहद उतावले हो रहे हैं। दोनों आखिरी बार 1986 की फिल्म 'भगवान दादा' में साथ नजर आए थे, जिसमें ऋतिक ने बतौर बाल कलाकार रजनीकांत के दत्तक पुत्र की भूमिका निभाई थी। वर्षों से ऋतिक रजनीकांत के प्रति अपना सम्मान जताते रहे हैं और उनके साथ दोबारा काम करने की इच्छा व्यक्त करते रहे हैं। अब 'जेलर 2' के जरिए उनका ये सपना साकार होने जा रहा है।
स्टारकास्ट
'जेलर 2' में देखने को मिलेंगे एक से बढ़कर एक सितारे
'जेलर' की तरह 'जेलर 2' में भी कई बड़े सितारों के शानदार कैमियो देखने को मिलेंगे, जिनमें मोहनलाल, शिवा राजकुमार, विजय सेतुपति और मिथुन चक्रवर्ती शामिल हैं। अब इस फेहरिस्त में ऋतिक भी शामिल हो गए हैं। फिल्म में एसजे सूर्या, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सन पिक्चर्स के बैनर तले और नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही ये फिल्म सितंबर, 2026 में रिलीज होने की तैयारी में है।