ऋतिक रोशन को मिला था 'डॉन 3' का प्रस्ताव? अभिनेता ने साफ-साफ कही ये बात
क्या है खबर?
फरहान अख्तर की फिल्म 'डॉन 3' कई साल से ठंडे बस्ते में पड़ी है। बीच-बीच में फिल्म बनने की खबरें आती हैं जिससे फैंस उत्साहित हो जाते हैं, लेकिन किसी न किसी कारण फिर इस परियोजना को बंद कर दिया जाता है। जैसा कि हालिया मामला देखा गया, जब रणवीर सिंह ने फिल्म से अपने कदम पीछे हटा लिए। चर्चा थी कि रणवीर के हटने के बाद, ऋतिक रोशन को फिल्म का प्रस्ताव मिला था जिसपर उन्हाेंने चुप्पी तोड़ी है।
प्रतिक्रिया
ऋतिक रोशन ने मीडिया से किया ये अनुरोध
वैरायटी इंडिया से बातचीत में, ऋतिक ने 'डॉन 3' के लिए संपर्क किए जाने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा, "जो बात एक अफवाह के रूप में शुरू हुई थी, अब बहुत फैल चुकी है, और सच सामने लाना जरूरी है। मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि मुझसे कभी भी 'डॉन 3' के लिए संपर्क नहीं किया गया। मैं मीडिया से अनुरोध करता हूं कि वे ऐसी किसी भी अपुष्ट खबर से दूर रहें।"
फिल्म
रणवीर सिंह को किया गया था 'डॉन 3' के लिए फाइनल
अगस्त, 2023 में 'डॉन 3' की घोषणा करते हुए रणवीर को फाइनल किया गया था। जनवरी, 2026 में शूटिंग शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन अभिनेता ने परियोजना छोड़ दी। खबरों के मुताबिक, कहानी से असंतुष्टि उनके बाहर होने की वजह बताई गई। निर्माताओं ने रणवीर से कथित नुकसान की भरपाई करने का औपचारिक अनुरोध किया, जिसपर अभिनेता ने तर्क दिया कि उन्होंने परियोजना के लिए कोई पारिश्रमिक या अनुबंध फीस नहीं ली, इसलिए उनकी कोई वित्तीय जिम्मेदारी नहीं है।