
अक्षय कुमार की इन फिल्मों ने पहले वीकेंड छापे खूब नोट, 'हाउसफुल 5' किस पायदान पर?
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'हाउसफुल 5' ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है।
यह फिल्म 6 जून को रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, वहीं समीक्षकों की तरफ से भी इस फिल्म को हरी झंडी मिली।
सिर्फ 3 दिन में इस फिल्म ने 87 करोड़ रुपये कमा लिए।
आइए इस कड़ी में अक्षय की उन 5 फिल्मों के बारे में जानें, जिन्होंने पहले वीकेंड में सबसे ज्यादा कमाई की।
#1
'मिशन मंगल'
साल 2019 में आई अक्षय की फिल्म 'मिशन मंगल' को काफी पसंद किया गया था। यह अक्षय की वीकेंड पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है।
देश की पहली अंतरिक्ष आधारित महिला-प्रधान फिल्म 'मिशन मंगल' ने रिलीज के पहले तीन दिन यानी ओपनिंग वीकेंड में 97.56 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
इस फिल्म में अक्षय के साथ विद्या बालन, तापसी पन्नू और सोनाक्षी सिन्हा जैसे सितारे भी नजर आए थे।
यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
#2
'2.0'
अक्षय ने साइंस फिक्शन एक्शन फिल्म '2.0' में सुपरस्टार रजनीकांत के साथ काम किया था। यह फिल्म 29 नवंबर, 2018 को रिलीज हुई थी।
अक्षय ने इस फिल्म में खलनायक की भूमिका निभाई थी और हमेशा की तरह उनके काम को काफी पसंद किया गया था।
फिल्म '2.0' ने पहले वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर 97.25 करोड़ रुपये कमाए थे।
इस फिल्म को आप हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषा में अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#3
'हाउसफुल 5'
इस सूची में तीसरा नाम फिल्म 'हाउसफुल 5' का है, जिसने 3 दिन में बॉक्स ऑफिस पर 87 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।
फिल्म में रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, संजय दत्त, सोनम बाजवा, जैकलीन फर्नांडिस जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं।
नरगिस फाखरी, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लीवर, फरदीन खान, चंकी पांडे, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ और डिनो मोरिया भी फिल्म का हिस्सा हैं।
'हाउसफुल 5' के निर्देशन की कमान तरुण मनसुखानी ने संभाली है।
#4
'केसरी'
साल 2019 में आई अक्षय की 'केसरी' हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है।
सारागढ़ी युद्ध पर आधारित इस फिल्म ने पहले वीकेंड में 78.07 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अक्षय ने फिल्म में हवलदार ईशर सिंह की भूमिका निभाई थी।
इस फिल्म में अक्षय की जोड़ी परिणीति चोपड़ा के साथ बनी थी, वहीं फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया था।
यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#5
'सूर्यवंशी'
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म 'सूर्यवंशी' को 5 नवंबर, 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इस फिल्म ने कोरोना के बाद सिनेमाघरों में रौनक लौटाने का काम किया था।
फिल्म ने पहले वीकेंड में 77.08 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
अक्षय के साथ इस फिल्म में कैटरीना कैफ, जैकी श्रॉफ, अजय देवगन और रणवीर सिंह जैसे सितारों ने अदाकारी का तड़का लगाया था।
यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर देखी जा सकती है।