Loading...
हॉलीवुड अभिनेता कीगन एलन के साथ हुई बंदूक की नोक पर लूटपाट, सुनाई आपबीती
कीगन एलन के साथ हुई लूटपाट (तस्वीर: एक्स/@FoxNewsEnt)

हॉलीवुड अभिनेता कीगन एलन के साथ हुई बंदूक की नोक पर लूटपाट, सुनाई आपबीती

लेखन सयाली
Oct 10, 2026
11:14 am

क्या है खबर?

'प्रीटी लिटिल लायर्स' और 'वॉकर' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हॉलीवुड अभिनेता कीगन एलन के साथ एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। बंदूक की नोक पर उनके साथ लूटपाट की गई और उनके साथ मारपीट भी हुई। ये हादसा वेस्ट हॉलीवुड में हुआ, जहां 2 नकाबपोशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद अभिनेता ने अपना एक वीडियो साझा किया और दावा किया कि वेस्ट हॉलीवुड अब सुरक्षित नहीं है।

हादसा

घटना का CCTV फुटेज भी आया सामने

ये घटना बुधवार को हुई, जब एलन एक किराने की दुकान के बाहर थे। हमलावरों ने पहले उनके सिर पर वार किया, उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी घड़ी चुरा ली।

उन्होंने हमले का CCTV क्लिप भी साझा किया। इसमें काले कपड़े पहने 2 लोग अभिनेता के पास आते और उन पर बंदूक तानते हुए दिख रहे हैं।

एलन अपनी घड़ी उन्हें सौंपते हुए दिखाई देते हैं, जिसके बाद एक लुटेरा उनके सिर पर वार करता है।

घटना

घड़ी के लिए अभिनेता पर किया हमला

इस घटना से जुड़ा जो वीडियो एलन ने साझा किया, उसमें उनका सिर खून से लथपथ था।

उन्होंने बताया, "2 नौजवानों ने बंदूक और चाकू की नोक पर मुझसे लूटपाट की। उन्होंने मेरी घड़ी के लिए मुझे जान से मारने की धमकी दी और मार भी डालते। हालांकि, आज रात भगवान ने ऐसा नहीं होने दिया।"

एलन ने हमलावरों की पहचान करने में मदद की अपील भी की और कहा कि वो आगे की जानकारी देते रहेंगे।

ADVERTISEMENT