Page Loader
'बेशरम रंग' गाने समेत 'पठान' में सेंसर बोर्ड ने क्या-क्या बदलने के निर्देश दिए?
'पठान' में सेंसर बोर्ड ने किए कई बदलाव

'बेशरम रंग' गाने समेत 'पठान' में सेंसर बोर्ड ने क्या-क्या बदलने के निर्देश दिए?

Jan 05, 2023
10:48 am

क्या है खबर?

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'पठान' चर्चा में है। चर्चा है कि 10 जनवरी को फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर आने से पहले ही फिल्म पर अच्छा-खासा विवाद हो चुका है। कुछ दिन पहले खबर आई थी कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। अब इन बदलावों की डीटेल सामने आई है। आइए, जानते हैं सेंसर बोर्ड ने निर्माताओं को फिल्म में क्या-क्या बदलने को कहा है।

बेशरम रंग

'बेशरम रंग' गाने में हुए ये बदलाव

'बेशरम रंग' गाने पर खूब विवाद हुआ। इस गाने में आपत्तिजनक दृश्यों के साथ ही दीपिका के कॉस्ट्यूम के रंग को लेकर भी राजनीति गरमाई। सेंसर बोर्ड ने इस गाने में कई बदलाव किए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार गोल्डन मोनोकिनी में दीपिका पादुकोण का साइड पोज हटाने के निर्देश दिए गए हैं। 'बहुत तंग किया' पर दीपिका की आपत्तिजनक डांस को भी बदला जाएगा। हालांकि, यह साफ नहीं है कि भगवा बिकीनी वाला दृश्य हटाया जाएगा या नहीं।

बदलाव

इन जगहों पर भी लगाए कट

इसके अलावा फिल्म में कई अन्य दृश्यों और संवादों को भी सेंसर बोर्ड ने बदलने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड ने फिल्म में 10 से ज्यादा कट लगाए हैं। फिल्म में 'रॉ' को 'हमारे' से बदला गया है। 'लंगड़े-लूले' को 'टूटे-फूटे' से बदला गया है। 'PM' को बदलकर 'प्रेसिडेंट' या 'मिनिस्टर' करने के लिए कहा गया है। वहीं 13 जगहों पर PMO शब्द को हटाया गया है। 'अशोक चक्र' को 'वीर पुरस्कार', 'मिसेज भारतमाता' को 'हमारी भारतमाता' से बदला जाएगा।

बयान

बदलावों पर क्या बोले प्रसून जोशी?

फिल्म पर सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कहा था, "CBFC अभिव्यक्ति और दर्शकों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। रिलीज होने से पहले फिल्मों को जो पड़ाव पार करने पड़ते हैं, 'पठान' उन पड़ावों से गुजर रही है।" उन्होंने कहा, "हमारे देश की संस्कृति गौरवशाली है। ऐसा कुछ ना परोसा जाए, जिससे इसे ठेस पहुंचे। मैंने पहले भी कहा है कि निर्माताओं और दर्शकों के बीच विश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी है।"

फिल्म

स्पाई थ्रिलर फिल्म है 'पठान'

'पठान' एक स्पाई थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में हैं और जॉन अब्राहम विलेन बने हैं। शाहरुख संग इसमें उनकी जबरदस्त और असाधारण एक्शन सीन देखने को मिलेंगे। इस फिल्म में भव्य और हैरतअंगेज क्लाइमैक्स सीन शूट किया गया है। खास बात यह है कि इसे दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में शूट किया गया है। 'पठान' अगले साल 25 जनवरी को दर्शकों के बीच आएगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

शाहरुख पिछली बार 2018 की फिल्म 'जीरो' में नजर आए थे। इसके अलावा इस साल उनकी दो अन्य फिल्में भी आएंगी। वह जून में एटली की 'जवान' में दिखेंगे। इसके बाद दिसंबर में उनकी राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' आएगी।