LOADING...
'हेरा फेरी 3' पर फिर गहराया संकट का बादल, अब लेखक ने किया किनारा
'हेरा फेरी 3' से जुड़ा अपडेट आया

'हेरा फेरी 3' पर फिर गहराया संकट का बादल, अब लेखक ने किया किनारा

Apr 02, 2026
05:33 pm

क्या है खबर?

अक्षय कुमार, सुनील शेट्‌टी और परेश रावल की तिकड़ी फिल्म 'हेरा फेरी 3' के साथ कब वापसी करेगी, यह सवाल दिन पर दिन गहराता जा रहा है। फिल्म अपनी प्रगति से ज्यादा रुकावटों को लेकर लोगों का ध्यान खींच रही है। अब परियोजना से जुड़ा एक और ताजा अपडेट आया है जो फैंस के दिलों के टुकड़े-टुकड़े कर देगा। खबर है कि फिल्म के अधिकारों से जुड़े कानूनी विवादों के बीच, लेखक रोहन शंकर ने हाथ पीछे खींच लिए हैं।

पुष्टि

रोहन शंकर ने खुद परियोजना छोड़ने की पुष्टि की

न्यूज 18 से बातचीत में शंकर ने कहा, "मेरी बातचीत चल रही थी। यह परियोजना होने वाली थी, लेकिन कानूनी दिक्कतों की वजह से नहीं हो सकी। उम्मीद है, अगर 'हेरा फेरी 3' बनती है और उसमें प्रियदर्शन सर होते हैं, तो शायद मुझे भी मौका मिल जाए।" उन्होंने बताया कि प्रियदर्शन के पास कई परियोजनाएं हैं। 'भूत बंगला' के अलावा, वह सैफ अली खान की 'हैवान' में व्यस्त हैं और मोहनलाल के साथ 100वीं फिल्म भी घोषित की है।

विवाद

जानिए किस विवाद में फंसी है 'हेरा फेरी 3'

बार एंड बेंच के मुताबिक, साउथ की प्रोडक्शन कंपनी 'सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल' के जीपी विजयकुमार ने मद्रास हाई कोर्ट में दावा किया है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के पास इस फ्रैंचाइजी के पूरे अधिकार नहीं हैं। उनका आरोप है कि नाडियाडवाला के पास मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' (1989) के एक हिंदी रीमेक का अधिकार था जो 2000 में 'हेरा फेरी' बनी। फिलहाल मामला अभी कोर्ट में है। इन कानूनी उलझनों के कारण ही फिल्म का भविष्य अधर में है।

Advertisement