LOADING...
'हेरा फेरी 3' फिर कानूनी पचड़े में फंसी, अब साउथ के निर्माता ने फंसाया पेंच
'हेरा फेरी 3' पर अब नया कानूनी संकट

'हेरा फेरी 3' फिर कानूनी पचड़े में फंसी, अब साउथ के निर्माता ने फंसाया पेंच

Feb 07, 2026
01:00 pm

क्या है खबर?

'हेरा फेरी 3' को लेकर जारी विवाद अब खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म की कास्टिंग और अक्षय कुमार के कानूनी नोटिस के बाद अब एक साउथ निर्माता ने फिल्म के निर्माताओं को अदालत में घसीट लिया है। पहले ही स्टारकास्ट की खींचतान और परेश रावल के नाम पर मचे घमासान से जूझ रही ये फिल्म अब एक नए कानूनी संकट में फंस गई है, जिससे इसकी रिलीज पर एक बार फिर काले बादल मंडराने लगे हैं।

कानूनी पेंच

फिल्म के भविष्य पर एक बार फिर सवालिया निशान

'हेरा फेरी 3' के मालिकाना हक को लेकर अब एक बड़ा कानूनी पेंच फंस गया है। पहले खबरें थीं कि अक्षय ने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला से इस फ्रेंचाइजी के अधिकार खरीद लिए हैं, लेकिन अब साउथ के निर्माता जीपी विजयकुमार ने इस दावे को चुनौती देते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। विजयकुमार का दावा है कि इस फिल्म के हिंदी रूपांतरण के असली अधिकार उनके पास हैं, ना कि फिरोज या अक्षय कुमार के पास।

सवाल

असली हकदार कौन? साउथ निर्माता के दावे से 'हेरा फेरी 3' में नया मोड़

विजयकुमार ने अदालत में आरोप लगाया है कि उन्होंने इस पूरी फ्रेंचाइजी के अधिकार मलयालम फिल्म 'रामजी राव स्पीकिंग' के मूल निर्माताओं से बहुत पहले ही खरीद लिए थे। उनका कहना है कि उन्होंने ये अधिकार फिल्म के सीक्वल बनने से पहले ही हासिल कर लिए थे, ऐसे में इसके हिंदी रूपांतरण का असली हक उनका है। उनके इस दावे ने अक्षय और फिरोज के बीच हुए सौदे पर कानूनी सवाल खड़े कर उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Advertisement

आरोप

फिरोज नाडियाडवाला ने किया अधिकारों का उल्लंघन

साउथ की कंपनी सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर ने इस विवाद में एक बड़ा खुलासा किया है। उनके मुताबिक, फिरोज नाडियाडवाला को केवल एक बार हिंदी रूपांतरण बनाने की अनुमति दी गई थी, इसके बावजूद उन्होंने दूसरी किस्त बना डाली, जो अधिकारों का उल्लंघन था। इस हफ्ते दायर की गई याचिका के मुताबिक, फिरोज के पास इस फिल्म का कोई भी सीक्वल, प्रीक्वल बनाने या इसके किरदारों का इस्तेमाल करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।

Advertisement

विवाद

तीसरी फिल्म की राह हुई मुश्किल

हिंदुस्तान टाइम्स को निर्माता ने साफ किया कि पहली फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन से करीबी रिश्तों के कारण तब कोई आपत्ति नहीं जताई गई। दूसरी फिल्म 'फिर हेरा फेरी' के समय के कॉपीराइट धारकों से बड़ी चूक हुई और वे इस उल्लंघन को नोटिस नहीं कर पाए, लेकिन अब तीसरी फिल्म की तैयारी शुरू होते ही असली हकदार अपने कानूनी अधिकारों के लिए अदालत पहुंच गए हैं। ऐसे में 'हेरा फेरी 3' अब कब आएगी, इसका कोई अंदाजा नहीं।

Advertisement