'मातृभूमि' में सलमान खान संग काम करने का अनुभव कैसा रहा? हीरा सोहल ने बताया सबकुछ
क्या है खबर?
अभिनेत्री हीरा सोहल के लिए सलमान खान के साथ काम करना किसी सपने के सच होने जैसा है। वह अपूर्व लाखिया की आगामी फिल्म 'मातृभूमि' में सुपरस्टार के साथ नजर आएंगी। हाल ही में वैरायटी इंडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि सेट पर छोटी-छोटी बातों पर सलमान का ध्यान देना उन्हें काफी प्रभावित करता था। इस दौरान उन्हें सलमान के काम के प्रति समर्पण, उदारता और दूसरों के साथ उनके व्यवहार को करीब से जानने का मौका मिला।
तारीफ
हीरा ने जमकर की सलमान की तारीफ
हीरा ने कहा, "मैंने उनसे जो सीखा, वह है चीजों को बारीकी से देखने की कला। पेशेवर तौर पर उनका काम करने का तरीका कमाल का है। उनके व्यक्तित्व का प्रभाव ऐसा है, जिसके बारे में सब जानते हैं। लंबे डायलॉग भी वह बहुत जल्दी पूरे कर लेते हैं। चीजों को बारीकी से देखने की उनकी क्षमता बेहतरीन है और अपने आस-पास के लोगों के साथ उनका बर्ताव दिल छू लेने वाला होता है।"
प्रेरित
सलमान की इस चीज ने किया हीरा को प्रेरित
हीरा ने सलमान के विनम्र स्वभाव की तारीफ करते हुए आगे कहा, "मैं हमेशा कहती हूं कि इंडस्ट्री में उनके जैसा अपनापन और विनम्रता किसी और में नहीं है। लोगों के साथ उनका बर्ताव और जिस तरह से वह सबका ख्याल रखते थे, उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। इतने बड़े स्टार होने के बावजूद, वह अपने कलाकारों और क्रू की छोटी-छोटी बातों का भी ध्यान रखते हैं। इस बात ने मुझे सच में बहुत प्रेरित किया।"
किस्सा
हीरा ने सुनाया सलमान से जुड़ा एक किस्सा
हीरा ने सेट पर बिताए दिनों को याद करते हुए एक किस्सा बताया, जिससे पता चलता है कि सलमान की कास्ट और क्रू के साथ कितना अच्छा रिश्ता है।
हीरा बताती हैं, "क्या आप सोच सकते हैं कि सलमान सबके लिए खुद सब कुछ कर रहे हैं? उन्होंने भेल बनाई और खुद लगभग 20 लोगों को परोसी। वह बार-बार पूछते भी रहे कि खाना कैसा बना है। वहीं उन्होंने सेट पर मौजूद सभी लोगों को घड़ियां भी भेट में दीं।"
रिलीज
कब रिलीज होगी फिल्म 'मातृभूमि'
अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित फिल्म 'मातृभूमि' जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है।
यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें हीरा एक सैनिक की पत्नी के किरदार में हैं, जिसका रोल अंकुर भाटिया ने निभाया है।
इस फिल्म में सलमान के साथ-साथ चित्रांगदा सिंह दिखाई देंगी। यह फिल्म युद्ध के मैदान के बाहर सेना के जवानों के जीवन को दर्शाती है।