पत्रलेखा की फिल्म 'हीर सारा' की रिलीज टली, ये है चौंकाने वाली वजह
पत्रलेखा और मानवी गाग्रू की आने वाली रोड ट्रिप ड्रामा फिल्म 'हीर सारा' की रिलीज दो हफ्ते टल गई है। यह फिल्म पहले 29 मई को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब 12 जून 2026 को रिलीज होगी।
मेकर्स ने यह भी फैसला किया है कि फिल्म का नाम 'हीर सारा और पांडिचेरी' से छोटा करके सिर्फ 'हीर सारा' कर दिया जाए, ताकि दर्शक फिल्म से ज्यादा जुड़ाव महसूस कर सकें।
क्या है फिल्म 'हीर सारा' की कहानी?
फिल्म का नाम बदलने के कारण सर्टिफिकेशन से जुड़ी कुछ अनपेक्षित मुश्किलें सामने आईं। दरअसल, CBFC ने पहले ही पुराने नाम से फिल्म को मंजूरी दे दी थी, जिसके चलते सभी प्रोमो और कागजात नए सिरे से तैयार करने पड़े। यहां तक कि ट्रेलर का प्रमाणन भी दोबारा लेना पड़ा।
इन प्रक्रियाओं में लगे समय की वजह से ही फिल्म की रिलीज में देरी हुई। कार्तिक चौधरी द्वारा निर्देशित 'हीर सारा' दो महिलाओं की कहानी है, जो अपनी भावनात्मक आजादी को खोजने के लिए मोटरसाइकिल से पांडिचेरी की यात्रा पर निकलती हैं। फिल्म में अरीफ जकारिया, श्वेता सालवे और निशांक वर्मा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।