हॉलीवुड निर्माता हार्वे वीनस्टीन को 15 साल की जेल, कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला
क्या है खबर?
हॉलीवुड के पूर्व दिग्गज निर्माता हार्वे वीनस्टीन को न्यूयॉर्क की अदालत ने यौन उत्पीड़न के मामले में 15 साल की जेल की सजा सुनाई है। #MeToo आंदोलन के केंद्र में रहे 74 वर्षीय वाइनस्टीन को अदालत ने यौन हमले और अप्राकृतिक यौन उत्पीड़न का दोषी पाया। पहले रद्द हुई सजा के बाद दोबारा चले मुकदमे में आए इस फैसले ने वीनस्टीन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दरअसल, वो कैलिफोर्निया में पहले से ही 16 साल की सजा काट रहे हैं।
फैसला
दोबारा सुनवाई के बाद आया फैसला
न्यूयॉर्क की एक अदालत ने पूर्व हॉलीवुड निर्माता हार्वे वीनस्टीन को 2006 में एक प्रोडक्शन असिस्टेंट के यौन उत्पीड़न मामले में 15 साल जेल की सजा सुनाई है।
पिछले साल दोबारा चले मुकदमे के बाद ये फैसला आया है। 74 वर्षीय वीनस्टीन को मिराम हैली के साथ आपराधिक यौन कृत्य का दोषी पाया गया।
उनका साल 2020 का पिछला दोषसिद्धि फैसला रद्द हो गया था। हालांकि, वीनस्टीन ने खुद पर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है।
सराहना
जज ने की पीड़ित के साहस की तारीफ
मैनहट्टन के जिला अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने मिराम हैली की गवाही और साहस की सराहना की। उधर पूर्व निर्माता के प्रवक्ता ने कहा कि वो निर्दोष हैं और जज की सजा से पूरी तरह असहमति जताते हैं। हैं।
वीनस्टीन को पहली बार साल 2020 में न्यूयॉर्क में हैली के साथ यौन उत्पीड़न और अभिनेत्री बनने की चाहत रखने वाली जेसिका मान से रेप के मामले में दोषी ठहराया गया था और 23 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।
मामलेे
एक मामले में फिर दोषी, दूसरे से बरी और रेप केस पर अटका फैसला
साल 2024 में न्यूयोर्क की शीर्ष अदालत ने वीनस्टीन की सजा ये कहते हुए रद्द कर दी थी कि मुकदमा निष्पक्ष नहीं था।
इसके बाद 2025 में दोबारा सुनवाई हुई। इस बार जूरी ने उन्हें हैली वाले मामले में फिर दोषी पाया।
पूर्व मॉडल काजा सोकोला के यौन उत्पीड़न के आरोप से उन्हें बरी कर दिया गया, जबकि जेसिका मान से रेप के मामले पर जूरी किसी अंतिम फैसले या सहमति पर नहीं पहुंच सकी।
आरोप
100 से ज्यादा महिलाओं के आरोप और 'मीटू' मुहिम
जेसिका मान के मामले में तीसरी बार भी फैसला नहीं हो पाया। जब उन्होंने चौथी बार गवाही देने से मना किया तो वकीलों ने केस वापस ले लिया।
दूसरी तरफ, कैलिफोर्निया में 2022 में मिली 16 साल की सजा को कोर्ट ने सही माना है, लेकिन सजा दोबारा तय करने को कहा है। 100 से ज्यादा महिलाओं के आरोपों के बाद वीनस्टीन का ये केस #MeToo मुहिम का सबसे बड़ा मोड़ बना था।
परिचय
कौन हैं हार्वे वीनस्टीन?
बता दें कि हार्वे वीनस्टीन हॉलीवुड के पूर्व दिग्गज फिल्म निर्माता और मिरामैक्स के सह-संस्थापक हैं।
उन्होंने अपने भाई बॉब वीनस्टीन के साथ साल 1979 में मिरामैक्स की शुरुआत की थी। उनकी कंपनी से 'पल्प फिक्शन', 'शैक्सपीयर इन लव' जैसी चर्चित फिल्में जुड़ी रहीं।
साल 2017 में उन पर कई महिलाओं ने यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए, जिसके बाद #MeToo आंदोलन को दुनियाभर में बड़ी पहचान मिली। बाद में वीनस्टीन यौन अपराधों के मामलों में दोषी ठहराए गए।