'लॉक अप 2' से अचानक बाहर हुए हर्षद चोपड़ा, भड़के फैंस ने एविक्शन को बताया 'अन्यायपूर्ण'
अपनी शांत और सुलझे हुए स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले मशहूर एक्टर हर्षद चोपड़ा के फैंस के लिए एक बहुत बुरी खबर सामने आई है। हर्षद चोपड़ा, जो रियालिटी शो 'लॉक अप 2' में हर तरह के ड्रामे, लड़ाई-झगड़ों और मुश्किल से मुश्किल पलों में भी बेहद संयम और समझदारी से काम ले रहे थे, उन्हें अचानक शो से बाहर कर दिया गया है।
अचानक हुए इस एविक्शन की खबर जैसे ही बाहर आई, सोशल मीडिया पर उनके फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। कोई भी इस फैसले पर यकीन नहीं कर पा रहा है। फैंस हैरान हैं और लगातार सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
फैंस का साफतौर पर कहना है कि निर्माताओं का यह फैसला पूरी तरह से 'अन्यायपूर्ण' है और हर्षद के साथ धोखा हुआ है।
पामेला सेरेना ने किया ये खुलासा
इसी बीच शो में एक हैरान करने वाला खुलासा हुआ। प्रतियोगी पामेला सेरेना ने एक टास्क के दौरान कबूल किया कि जब वो लंदन में पढ़ाई कर रही थीं, तब उन्होंने अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल करके क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाया था।
अपने इस पुराने फैसले पर बात करते हुए पामेला ने कहा, "मुझे अपने इस काम पर बिल्कुल भी गर्व नहीं है।"
उन्होंने ये भी बताया कि लंदन में सट्टेबाजी कानूनी थी और इससे उन्होंने काफी पैसे भी कमाए थे।