'हनुमान अंश' समेत इन फिल्मों ने चुटकीभर बजट में रचा इतिहास, निर्माताओं को किया मालामाल
क्या है खबर?
महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'हनुमान अंश' ने दुनियाभर में 400 करोड़ से ज्यादा छापकर नया इतिहास रच दिया है। बिना किसी बड़े स्टार या भारी-भरकम बजट के इस फिल्म ने सिर्फ अपनी दमदार कहानी के दम पर निर्माताओं को खूब मुनाफा कमाकर दिया। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ बेहद कम बजट वाली भारतीय फिल्मों के बारे में, जिनकी ब्लॉकबस्टर कमाई ने बॉक्स ऑफिस पर बड़े-बड़े सुपरस्टार्स और भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों के पसीने छुड़ा दिए।
#1
'कांतारा'
'हनुमान अंश' के बाद अगर किसी भारतीय फिल्म ने कम बजट में ब्लॉकबस्टर कमाई की मिसाल पेश की तो ऋषभ शेट्टी की 'कांतारा' इसका सबसे सटीक उदाहरण है।
महज 16 करोड़ की लागत में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया और 'ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर' साबित हुई।
फिल्म ने अपनी अनोखी कहानी के दम पर बंपर कमाई की और इतिहास रच दिया, वहीं अपने दमदार अभिनय के लिए ऋषभ को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला।
#2
'महाराजा'
कम बजट में बनी फिल्मों का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन बताता है कि दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में कहानी की अहम भूमिका होती है।
विजय सेतुपति की 'महाराजा' इसका शानदार उदाहरण है। निथिलन स्वामीनाथन के निर्देशन में बनी इस एक्शन-ड्रामा फिल्म ने दुनियाभर में 199.20 करोड़ रुपये कमाए और भारत में 72.43 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब इसका हॉलीवुड रीमेक बन रहा है।
करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को सैकनिल्क ने 'ब्लॉकबस्टर' बताया है।
#3
'हनुमान'
तेजा सज्जा की 'हनुमान' कम बजट में ऐतिहासिक सफलता पाने वाली फिल्मों का एक और बेमिसाल उदाहरण है।
महज 30 करोड़ के बजट में तैयार हुई इस सुपरहीरो फिल्म ने अपनी भव्यता और भावनात्मक जुड़ाव से दुनियाभर में 295.29 करोड़ रुपये की कमाई की।
बिना किसी भारी-भरकम स्टार-कास्ट के सिर्फ दमदार VFX और भारतीय संस्कृति से जुड़ी कहानी के बल पर यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों की सूची में शामिल हो गई।
#4 और #5
'मंजुमेल बॉयज' और 'महावतार नरसिम्हा'
कम बजट में बड़ी सफलता पाने की कड़ी में 'मंजुमेल बॉयज' और 'महावतार नरसिम्हा' जैसी फिल्में भी शामिल हैं।
मलयालम थ्रिलर फिल्म 'मंजुमेल बॉयज' महज 20 करोड़ रुपये के बजट में बनकर दुनियाभर में 241.03 करोड़ कमाकर ब्लॉकबस्टर साबित हुई।
उधर अश्विन कुमार निर्देशित 'महावतार नरसिम्हा' ने भी 40 करोड़ की लागत के मुकाबले दुनियाभर में 326.82 करोड़ रुपये कमाकर सबके छक्के छुड़ा दिए। ये आंकड़े साबित करते हैं कि बेहतरीन कंटेंट के आगे बजट कभी आड़े नहीं आता।
जानकारी
'लालो-कृष्णा सदा सहायते'
महज 50 लाख के बेहद मामूली बजट में बनी गुजराती फिल्म 'लालो-कृष्णा सदा सहायते' ने अपनी दमदार कहानी के लिए खूब वाहवाही लूटी। फिल्म ने भारत में 97.07 करोड़ और दुनियाभर में 122.25 करोड़ रुपये कमाकर बंपर मुनाफा कमाया और ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई।