'हनुमान अंश' ने कमाई में मचाई सनसनी, साल की सबसे बड़ी फिल्मों में हुई शामिल
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी कम बजट वाली भक्ति ड्रामा फिल्म 'हनुमान अंश' ने सबको हैरान कर दिया है। यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप तीन भारतीय फिल्मों में शामिल हो गई है।
सिर्फ 10 लाख रुपये के छोटे बजट के साथ रिलीज हुई इस फिल्म ने अब भारत में 280.93 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 366.45 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। यश की 'टॉक्सिक' और राम चरण की 'पेड्डी' जैसी बड़ी फिल्मों को भी इसने बॉक्स ऑफिस पर पछाड़ दिया है और यह सब दर्शकों के जोरदार तारीफों की बदौलत हुआ है।
'हनुमान अंश' ने तोड़े ये रिकॉर्ड
शुरुआत में फिल्म ने धीमी गति से कमाई की थी, पहले 2 हफ्तों में यह सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये ही जुटा पाई थी, लेकिन तीसरे हफ्ते में इसने रफ्तार पकड़ी और 10.40 करोड़ रुपये कमा लिए। पांचवें हफ्ते तक तो यह आंकड़ा 90.25 करोड़ रुपये के बड़े मुकाम पर पहुंच गया।
अंतर्राष्ट्रीय रिलीज में देरी होने के बावजूद, अकेले 7वें वीकेंड पर इसने 28.50 करोड़ रुपये और अपनी झोली में डाले।
साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अब यह 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' के ठीक पीछे खड़ी है। 'हनुमान अंश' ने यह साबित कर दिया है कि अच्छी कहानियां और दर्शकों का उत्साह कम बजट की फिल्मों को भी कामयाबी के शिखर तक पहुंचा सकती है।