आगरा की जेल में कैदियों को दिखाई गई 'हनुमान अंश', स्क्रीनिंग में शामिल हुए विशाल चतुर्वेदी
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता विशाल चतुर्वेदी की 'हनुमान अंश' पूरे देशभर से तारीफें बटोर रही है। कंगना रनौत से लेकर पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग तक, मशहूर हस्तियां भी लोगों से फिल्म देखने का आग्रह कर रही हैं। इस बीच, आगरा की जेल में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया, जिसमें हिस्सा लेने खुद निर्माता पहुंचे। बता दें कि 'हनुमान अंश' नैनीताल के कैंची धाम में प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज के जीवन पर आधारित है।
प्रदर्शन
कैदियों को दिखाई गई बाबा नीम करोली की गाथा
टाइम्स नाउ के मुताबिक, बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन ने खुद निर्माताओं से अनुरोध किया था कि वह आगरा की जेल में बंद कैदियों के लिए 'हनुमान अंश' की स्क्रीनिंग आयोजित करें।
उनके आग्रह पर निर्माताओं ने 3 सितंबर को जेल में फिल्म का प्रदर्शन किया, जिससे कैदियों को बाबा नीम करोली महाराज की जीवनी देखने का मौका मिला।
इस दौरान, स्क्रीनिंग में फिल्म के निर्देशक-निर्माता विशाल भी उपस्थित रहे।
फिल्म
'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस पर कमाई
महज 2 करोड़ रुपये बजट वाली 'हनुमान अंश' 7 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी।
शुरुआत में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद, इसने वर्ड ऑफ माउथ (तारीफ) के जरिए रफ्तार पकड़ी और 27 दिनों के अंदर भारत में लगभग 61.88 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमा चुकी है।
इसका बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन लगभग 72.97 करोड़ रुपये हो चुका है।
इसी लोकप्रियता को देखते हुए, होम्बले फिल्म्स 11 सितंबर को इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज करने जा रही है।