Loading...
'हनुमान अंश' की सफलता के बाद जागा बॉलीवुड, निर्देशक बोले- पहले सबने मुंह फेर लिया था
बॉलीवुड के दोहरे रवैये पर बोले 'हनुमान अंश' के निर्देशक

'हनुमान अंश' की सफलता के बाद जागा बॉलीवुड, निर्देशक बोले- पहले सबने मुंह फेर लिया था

Sep 04, 2026
02:10 pm

क्या है खबर?

निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का कहना है कि फिल्म 'हनुमान अंश' ने बिना किसी बॉलीवुड सहयोग के दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है। धीमी शुरुआत के बाद केवल दर्शकों की जबरदस्त तारीफ के दम पर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। बॉलीवुड के किसी भी शुरुआती प्रचार या बैकअप के बिना, आम लोगों के प्यार ने इस फिल्म को एक बड़ी बॉक्स-ऑफिस सफलता में बदल दिया है।

तंज

बॉलीवुड के दोहरे रवैये पर कसा तंज

एक पॉडकास्ट में निर्देशक ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बड़ी फिल्मों के दबदबे के चलते सिनेमाघरों ने 'हनुमान अंश' के शो तक घटा दिए थे, इसके बावजूद फिल्म की रफ्तार सिर्फ दर्शकों के प्यार और 'वर्ड ऑफ माउथ' के दम पर बढ़ी।

विशाल ने आगे बॉलीवुड के दोहरे रवैये पर तंज कसते हुए कहा कि इंडस्ट्री के कई लोगों ने उन्हें बधाई देने के लिए फोन भी तब किया, जब फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन करने लगी।

खुलासा

250 से घटकर रह गए महज 25 शोज

निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि 'हनुमान अंश' के स्क्रीन और शो काउंट में अचानक भारी गिरावट देखने को मिली थी। थिएटर मालिकों और प्रदर्शकों द्वारा बड़ी बजट की फिल्मों को तवज्जो दिए जाने के कारण फिल्म के शोज 250 से घटकर महज 25 रह गए थे।

उन्होंने ये भी बताया कि PVR और सिनेपोलिस जैसी मल्टीप्लेक्स चेन, खासकर प्राइम जगहों पर शुरुआत में इस फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर काफी असमंजस और संदेह में थीं।

ADVERTISEMENT

दो टूक

"मदद मांगी तो मुंह फेरा, अब दे रहे हैं बधाई"

रिलीज से पहले बॉलीवुड के समर्थन पर सवाल सुनते ही विशाल चतुर्वेदी हंस पड़े।

उन्होंने बताया कि फिल्म के हिट होने पर बॉलीवुड के कई लोगों ने बधाई दी, जिनमें मधुर भंडारकर भी शामिल थे, जिनसे उन्होंने कोई मदद नहीं मांगी थी।

हालांकि, बाकी लोगों पर तंज कसते हुए विशाल बोले, "मैंने कई लोगों से मदद मांगी थी, पर किसी ने साथ नहीं दिया। अब वे बधाई दे रहे हैं, इसलिए फिलहाल मैं उनका नाम उजागर नहीं करना चाहता।"

ADVERTISEMENT

मानसिकता

इंडस्ट्री भ्रमित लोगों से भरी पड़ी है- विशाल चतुर्वेदी

विशाल ने फिल्म इंडस्ट्री की सोच पर कहा, "लोग आपको हतोत्साहित करते हैं कि ये कंटेंट नहीं चलेगा, जबकि सच यह है कि ज़्यादातर लोगों को खुद नहीं पता होता कि क्या चलने वाला है। इसके बावजूद वे दूसरों को अपना 'ज्ञान' बांटते रहते हैं। पूरी इंडस्ट्री भ्रमित लोगों से भरी पड़ी है। यहां 2 तरह के लोग हैं। एक जो ईमानदारी से सिनेमा बनाना चाहते हैं,और दूसरे बिना किसी जुनून के सिर्फ टाइमपास के लिए हाथ आजमा रहे हैं।"

कमाई

2 करोड़ का बजट, 72 करोड़ की कमाई

बता दें कि विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'हनुमान अंश' नीम करोली बाबा (महाराज जी) के जीवन पर आधारित है।

महज 10 लाख की धीमी ओपनिंग के बावजूद फिल्म ने तीसरे हफ्ते में जबरदस्त रफ्तार पकड़ी और अब तक भारत में 72.88 करोड़ की बंपर कमाई कर चुकी है, जबकि फिल्म बनाने में महज 2 करोड़ रुपये लगे हैं।

इस अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए निर्माताओं ने अब इसके सीक्वल का भी ऐलान कर दिया है।

ADVERTISEMENT