गुरु रंधावा की 3 साल बाद स्टेज पर धमाकेदार वापसी, दिल्ली में रोबोट्स संग थिरकेंगे गायक
मनोरंजन
गायक गुरु रंधावा 3 साल बाद स्टेज पर वापसी करने जा रहे हैं। उनका कॉन्सर्ट ‘द सिरा एरा लाइव इन कॉन्सर्ट’ 12 दिसंबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। इस बार कॉन्सर्ट में संगीत के साथ रोबोट्स और नई तकनीक भी देखने को मिलेगी। इसका मकसद दर्शकों को एक अलग अनुभव देना है। इस कार्यक्रम को सारेगामा लाइव, वार्नर म्यूजिक और आर-रिद्म्स मिलकर पेश कर रहे हैं।
रंधावा ने अंतरराष्ट्रीय टेक विशेषज्ञों से मिलाया हाथ
गुरु रंधावा ने इस कॉन्सर्ट की तैयारी अंतरराष्ट्रीय तकनीकी विशेषज्ञों के साथ मिलकर की है। इसमें रोबोट उनके साथ ताल से ताल मिलाकर डांस करेंगे और दर्शकों से बातचीत भी कर सकेंगे। ये कार्यक्रम रंधावा के 13 साल के संगीत सफर का जश्न मनाएगा। इसमें 'लाहौर' और 'सूट सूट' जैसे उनके मशहूर गाने भी सुनने को मिलेंगे। कॉन्सर्ट के टिकट अगले हफ्ते बुकमायशो पर उपलब्ध होंगे।