द ट्रेटर्स 2 में धोखाधड़ी के आरोपों से छिड़ा विवाद, जानें क्या है पूरा मामला?
मशहूर शो 'द ट्रैटर्स 2' इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस शो में पारुल गुलती पर शाहनील गिल और क्रिस्टल डिसूजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
उनका दावा है कि पारुल ने खेल के राज जानने के लिए अपने 'शैडो' को पैसे दिए, जिसे उन्होंने 'मैच फिक्सिंग' बताया है। शाहनील का कहना है कि इस वजह से पारुल को ट्रेटर्स को पहचानने में गलत फायदा मिला। वहीं, क्रिस्टल ने यह भी बताया कि पारुल ने नाश्ते की मेज तक पहुंचने से पहले ही अंदाजा लगा लिया था कि वह एक ट्रेटर हैं।
पारुल ने आरोपों से किया इनकार
इसके जवाब में पारुल ने भी एक रहस्यमयी पोस्ट करके अपना जवाब दिया। उन्होंने पूरे मामले को '#डिजिटल विच-हंट' करार दिया और साफ शब्दों में इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
इस पर शाहनील ने कहा कि यह 'सरासर गलत' था और उन्होंने लोगों से शो के निर्माताओं पर आरोप न लगाने की अपील की।
उधर, क्रिस्टल ने कहा कि वह इस बात से 'हैरान और गुस्से में' हैं और इसे बाकी प्रतियोगियों के साथ 'सरासर नाइंसाफी' बताया।