लंदन में ग्रैमी विजेता गीतकार तलय रिले की निर्मम हत्या, महज 35 की उम्र में ली अंतिम सांस
ग्रैमी पुरस्कार विजेता और गीतकार तलय रिले की पूर्वी लंदन में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। वह सिर्फ 35 साल के थे।
तलय ने दुआ लीपा, ब्रिटनी स्पीयर्स और जेंडाया जैसे मशहूर कलाकारों के लिए कई गाने लिखे थे। शुक्रवार को पूर्वी लंदन में उन्हें चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में 20 साल के एक और युवक को भी चोटें आई हैं। हालांकि, अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
तलय के मौत के बाद पुलिस जांच जारी, परिवार में गम का माहौल
पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक को जमानत मिल गई है, वहीं 2 अन्य को फिलहाल पर्याप्त सबूत न मिलने के कारण छोड़ दिया गया है।
पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है और सबूत इकट्ठा कर रही है। तलय के भाई ने उन्हें याद करते हुए कहा कि वह कई लोगों की जिंदगी में एक रोशनी थे।
उन्होंने बताया कि तलय एक दयालु, प्रतिभाशाली बेटे, भाई और दोस्त थे। संगीत जगत उनके निधन से शोक में डूबा है और हर कोई उनकी विरासत को याद कर रहा है।
H.E.R. के ग्रैमी विजेता एल्बम के गाने 'लाइट्स ऑन' को लिखने का श्रेय भी तलय को ही जाता है।