'पंचायत 3' से लेकर 'हीरा मंडी' तक, 2024 में आएंगी ये चर्चित वेब सीरीज
क्या है खबर?
इस साल सिनेमाघरों में कई बेहतरीन फिल्मों की धूम रही तो OTT पर कई शानदार वेब सीरीज ने दर्शकों का मनोरंजन किया। 2023 में सच्ची घटनाओं पर बनीं वेब सीरीज ने लोगों को बांधकर रखा।
अब जब साल गुजरने को है, तो हर क्षेत्र की तरह ही लोग मनोरंजन जगत की ओर भी उम्मीदों से देखकर रहे हैं।
इस साल कई वेब सीरीज रिलीज होने वाली हैं, जो लंबे समय से चर्चा में हैं।
#1
'इंडियन पुलिस फोर्स'
'इंडियन पुलिस फोर्स' के जरिए रोहित शेट्टी का कॉप यूनिवर्स OTT पर दस्तक देने जा रहा है। यह सिद्धार्थ मल्होत्रा और शिल्पा शेट्टी के करियर की भी पहली सीरीज है। इस वजह से भी इसे लेकर दर्शक बेहद उत्साहित हैं। शो में विवेक ओबेरॉय भी नजर आएंगे।
'इंडियन पुलिस फोर्स' 19 जनवरी, 2024 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
इसका टीजर जारी हो चुका है, जिसमें सिद्धार्थ का एक्शन से लबरेज अंदाज देखने को मिला है।
#2
'पंचायत 3'
ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी इस वेब सीरीज के पिछले दोनों भागों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
'पंचायत 2' में सचिव जी (जितेंद्र कुमार) और पिंकी के बीच बढ़ रही नजदीकियों ने लोगों को खूब आकर्षित किया। अब दर्शक इसके तीसरे भाग में इस प्रेम कहानी को मुकम्मल होते देखना चाहते हैं।
हाल ही में अमेजन प्राइम वीडियो ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। 2024 में इसका नया सीजन देखना दिलचस्प होगा।
#3
'आश्रम 4'
'एनिमल' में अबरार की भूमिका से पहले तक बॉबी देओल 'बाबा निराला' की भूमिका के लिए चर्चा में थे।
MX प्लेयर की वेब सीरीज 'आश्रम' में इस किरदार में बॉबी ने OTT अपनी अलग पैठ बनाई है। 'आश्रम 3' के रिलीज होते ही निर्माताओं ने 'आश्रम 4' की घोषणा कर दी थी।
प्रकाश झा की यह सीरीज विवादों में भी घिरी थी।
इसके पिछले भागों के रोचक प्लॉट ने दर्शकों को बांधकर रखा। 2024 में 'आश्रम 4' का इंतजार है।
#4
'मिर्जापुर 3'
'मिर्जापुर' ऐसी वेब सीरीज है, जिसने पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, विक्रांत मैसी जैसे सितारों को OTT का स्टार बना दिया। अब 'मिर्जापुर 3' दर्शकों के बीच आने वाली है।
शो के पिछले 2 भागों ने कालीन भइया और गुड्डु पंजित जैसे किरदारों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अब इस साल इसके तीसरे सीजन का इंतजार है।
अमेजन प्राइम वीडियो के इस शो की शूटिंग खत्म हो चुकी हैं, लेकिन फिलहाल इसके रिलीज तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
#5
'हीरा मंडी'
'हीरा मंडी' के जरिए संजय लीला भंसाली OTT पर कदम रख रहे हैं। उनकी फिल्मों की तरह ही यह वेब सीरीज भी भव्य सेट, आकर्षक कॉस्ट्यूम और चमक-दमक से भरपूर होगी।
इस वेब सीरीज में मनीषा कोइराला, अदिति राव हैदरी, सोनाक्षी सिन्हा, शर्मिन सहगल, ऋचा चड्ढा और संजीदा शेख मुख्य भूमिकाओं में दिखेंगी।
शो के रिलीज तारीख की फिलहाल घोषणा नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जून के बाद रिलीज हो सकती है।