LOADING...
करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' में आने से मना कर चुके हैं ये सितारे
इन सितारों ने ठुकराया 'कॉफी विद करण'

करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण' में आने से मना कर चुके हैं ये सितारे

Oct 25, 2023
04:42 pm

क्या है खबर?

करण जौहर का चैट शो 'कॉफी विद करण 8' 26 अक्टूबर से डिज्नी+ हॉटस्टार पर प्रीमियर हो रहा है। हर बार की तरह इस बार भी दर्शकों की दिलचस्पी शो में आने वाले मेहमानों में हैं। सितारों से करण की बातचीत खूब सुर्खियां बटोरती हैं, इन्हीं पर खूब विवाद भी होते हैं। यही वजह है कि कई सितारे इस शो में हिस्सा लेने से मना भी कर चुके हैं। आइए, नजर डालते हैं ऐसे सितारों पर।

#1 

शाहरुख खान 

शो के पिछले सीजन में करण शाहरुख खान को बतौर मेहमान बुलाना चाहते थे। उनका मानना था कि शाहरुख की उपस्थिति से वह शो में कुछ दमदार कर सकते हैं। हालांकि, शाहरुख ने अपनी व्यस्तता के कारण शो में आने से मना कर दिया था। यह भी कहा जा रहा था कि आर्यन खान ड्रग मामले के बाद वह इस चैट शो का हिस्सा नहीं बनना चाहते थे। हालांकि, शाहरुख की पत्नी गौरी खान ने इसमें हिस्सा लिया था।

#2

रणबीर कपूर 

पिछले सीजन में प्रशंसक आलिया भट्ट के साथ रणबीर कपूर को देखने के लिए बेताब थे। हालांकि, एक इंटरव्यू में करण ने खुद पुष्टि कर दी थी कि रणबीर ने शो में आने से मना कर दिया है। दरअसल, रणबीर शो में आकर किसी भी विवाद में नहीं पड़ना चाहते थे। इसके बदले वह करण के घर जाकर उनसे बातचीत करना पसंद करेंगे। हालांकि, उनके प्रशंसक इस सीजन में भी उनका इंतजार कर रहे हैं।

#3

सलमान खान

सलमान खान शो के चौथे सीजन में पहुंचे थे। उन्होंने यहां निजी जिंदगी और सेक्स लाइफ पर करण के सवालों का बड़ी चतुराई से जवाब दिया था। सलमान के जवाब पर अब भी सोशल मीडिया पर मीम बनाए जाते हैं। हालांकि, अब सलमान ऐसे सवालों से बचना चाहते हैं। यही वजह है कि सलमान अब शो में दिखाई नहीं देते। पिछले साल बॉलीवुड के तीनों खान के शो में पहुंचने की चर्चा थी, जो अफवाह साबित हुई थी।

#4

कार्तिक आर्यन 

कार्तिक आर्यन शो के 6वें सीजन में कृति सैनन के साथ आए थे। इसके बाद कार्तिक और करण के बीच विवाद ने खूब सुर्खियां बटोरी। हालांकि, अब दोनों के बीच मामला सुलझ गया है। खबरों की मानें तो शिकवे दूर होने के बाद भी कार्तिक इस शो में आने के लिए मना कर चुके हैं। वह शो में निजी जिंदगी पर करण के सवालों का सामना नहीं करना चाहते हैं।

#5

अनुष्का शर्मा 

अनुष्का शर्मा अपनी शादीशुदा जिंदगी को मीडिया से दूर रखना पसंद करती हैं। बेटी वामिका के जन्म के बाद वह अपनी निजता का खास ध्यान रखती हैं। ऐसे में पिछले सीजन में उन्होंने शो में आने से मना कर दिया था। वह शो में विराट कोहली के साथ अपनी जिंदगी के बारे में बातें नहीं करना चाहती हैं। इस सीजन में भी उनके आने की उम्मीद नहीं है। अनुष्का शो के 5वें सीजन में कैटरीना कैफ के साथ पहुंची थीं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

'कॉफी विद करण' का पहला सीजन 2004 में शुरू हुआ था। इस शो के पहले मेहमान शाहरुख और काजोल बने थे। शो अक्सर विवादों में भी रहा है। शो में कंगना रनौत, इमरान हाशमी, केएल राहुल जैसे सितारों की टिप्पणियां खूब विवादों में रहीं।