Page Loader
नई मां श्रीदेवी का नाम लेकर अर्जुन को चिढ़ाते थे दोस्त, अभिनेता ने साझा किया दर्द
नई मां श्रीदेवी का नाम लेकर अर्जुन को चिढ़ाते थे दोस्त

नई मां श्रीदेवी का नाम लेकर अर्जुन को चिढ़ाते थे दोस्त, अभिनेता ने साझा किया दर्द

Jul 04, 2021
09:23 pm

क्या है खबर?

अर्जुन कपूर बॉलीवुड के उभरते हुए अभिनेता हैं। वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। चाहे बात उनके पिता बोनी कपूर व उनकी सौतेली मां श्रीदेवी की हो या फिर उनकी लव लाइफ की; वह सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। अब अभिनेता ने एक इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी को लेकर एक अहम खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में उनके दोस्त नई मां श्रीदेवी का नाम लेकर चिढ़ाते थे।

बयान

मैं व्यक्तिगत दुख, आघात और उथल-पुथल से गुजरा हूं- अर्जुन

अर्जुन ने बॉलीवुड बबल से बातचीत करते हुए अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने कहा, "मैं व्यक्तिगत दुख, आघात और उथल-पुथल से गुजरा हूं। जब मैं बड़ा हो रहा था, तब मुझे अपने माता-पिता के अलगाव से गुजरना पड़ा था। वह दौर मेरे लिए बहुत कठिन था क्योंकि मेरे पिता हाई प्रोफाइल व्यक्ति थे और उन्होंने जिस महिला के साथ रहने का फैसला किया था, वह भारत की सबसे बड़ी सुपरस्टार थीं।"

जानकारी

12 साल के बच्चे के लिए यह सुनना आसान नहीं था

अर्जुन ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि एक 12 साल के बच्चे के लिए अपनी सौतेली मां के बारे में बातें सुन पाना मुश्किल था। उन्होंने आगे कहा, "स्कूल में आपके सबसे अच्छे दोस्तों द्वारा पूछा जाना कि नई मां होने पर कैसा महूसस होता है? यह कहना कि तेरी तो नई मां आई है। यह आसान नहीं है। इससे आप चीजों के बारे में अधिक संवेदनशील हो जाते हैं। यह वास्तविकता है और मैं इससे लड़ा हूं।"

सूचना

जाह्नवी और खुशी के करीब दिखे थे अर्जुन

अर्जुन ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह अपनी मां की सीख की वजह से पिता के साथ हमेशा खड़े रहे। हाल के दिनों में श्रीदेवी के निधन के बाद उन्हें अपनी सौतेली बहनों जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर के बेहद करीब देखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बोनी की श्रीदेवी के साथ दूसरी शादी के बाद से ही अर्जुन का अपने पिता के साथ रिलेशनशिप सही नहीं रहा है।

बयान

अभी भी हम दो अलग परिवार हैं- अर्जुन

अर्जुन ने अपने परिवार के बारे में चौकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने कहा, "यदि मैं कहूं कि हम एक परफेक्ट फैमिली हैं, तो गलत होगा। बात अलग-अलग विचार की नहीं है, बल्कि अभी भी हम दो अलग परिवार हैं, जो एक-दूसरे के साथ घुलने-मिलने की कोशिश कर रहे हैं। जब हम एक साथ होते हैं तो बहुत अच्छा समय होता है, फिर भी अभी हम एक यूनिट नहीं हैं। सबकुछ परफेक्ट है, यह कहकर मैं झूठ बेचना नहीं चाहूंगा।"

जानकारी

बोनी की पहली पत्नी मोना की संतान हैं अर्जुन

अर्जुन और उनकी बहन अंशुला कपूर बोनी की पहली पत्नी मोना शौरी कपूर की संतान हैं। वहीं, जाह्नवी और खुशी बोनी की दूसरी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी हैं।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में नजर आएंगे अर्जुन

अर्जुन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आने वाले दिनों में फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' में देखा जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं। इसमें उनके साथ जॉन अब्राहम, दिशा पटानी और तारा सुतारिया भी नजर आएंगी। इसके अलावा वह कॉमेडी हॉरर फिल्म 'भूत पुलिस' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। पवन कृपलानी के निर्देशन की इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान और जैकलीन फर्नांडिस भी अभिनय करती दिखेंगी।