LOADING...
हॉलीवुड को बड़ा झटका, 11 एमी अवॉर्ड जीतने वाले दिग्गज निर्देशक जेम्स बुरोज का निधन
दिग्गज निर्देशक जेम्स बुरोज नहीं रहे

हॉलीवुड को बड़ा झटका, 11 एमी अवॉर्ड जीतने वाले दिग्गज निर्देशक जेम्स बुरोज का निधन

Jun 20, 2026
11:43 am

क्या है खबर?

हॉलीवुड जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। मशहूर सिटकॉम 'फ्रेंड्स' के कुछ सबसे यादगार एपिसोड्स का निर्देशन करने वाले और शो 'चीयर्स' के को-क्रिएटर जेम्स बुरोज का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर आते ही पूरी फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। हॉलीवुड की तमाम मशहूर हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

दुखद

1,000 से ज्यादा एपिसोड्स निर्देशित करने वाले जेम्स नहीं रहे

मशहूर टीवी निर्देशक और सुपरहिट शो 'चीयर्स' के को-क्रिएटर जेम्स बुरोज नहीं रहे। उनके परिवार ने पीपल मैग्जीन को दिए एक आधिकारिक बयान में इस दुखद खबर की पुष्टि की है। जेम्स ने अपने 5 दशक से भी लंबे शानदार करियर में 1,000 से ज्यादा टेलीविजन एपिसोड्स का निर्देशन किया था, जिसमें 'फ्रेंड्स' , 'विल एंड ग्रेस', 'द बिग बैंग थ्योरी', 'टैक्सी' और 'फ्रेजियर' जैसे इतिहास रचने वाले शो शामिल हैं।

भावुक बयान

परिवार ने याद की निर्देशक की अनमोल विरासत

जेम्स के परिवार ने अपने आधिकारिक बयान में उन्हें याद करते हुए कहा "हम जेम्स 'जिमी' बुरोज के असाधारण जीवन और उनकी कभी न मिटने वाली विरासत का सम्मान करते हैं। 5 दशकों से भी अधिक समय तक वो टीवी के सबसे प्रभावशाली और पसंदीदा निर्देशकों में से एक रहे। एक महान निर्देशक, मार्गदर्शक और रचनात्मक शक्ति के रूप में उन्होंने कॉमेडी की कई पीढ़ियों को तराशने में मदद की और दुनियाभर के दर्शकों के जीवन में अपार खुशियां बिखेरीं।"

Advertisement

स्वभाव

अपनी उदारता के लिए भी दिलों में अमर रहेंगे जेम्स 

बयान में आगे कहा गया कि जेम्स को उनकी बड़ी उपलब्धियों के लिए ही नहीं, बल्कि उनकी दयालुता, उदारता और लोगों पर भरोसा करने की आदत के लिए भी हमेशा याद किया जाएगा। उनमें लोगों को बेहतर बनने के लिए प्रेरित करने की खास क्षमता थी। वो जिनसे भी मिलते थे, उनका नाम याद रखते थे और हर व्यक्ति को सम्मान व अपनापन महसूस कराते थे, इसलिए वो अपने सहयोगियों और साथ काम करने वालों के बीच बेहद प्रिय थे।

Advertisement

सम्मान

करियर में जीते 11 एमी पुरस्कार

'फ्रेंड्स' के कलाकारों ने जेम्स को याद करते हुए कहा कि वे सिर्फ एक महान निर्देशक नहीं, बल्कि उनके करियर और जीवन को संवारने वाले मार्गदर्शक थे। बता दें कि जेम्स ने 11 एमी अवॉर्ड और 5 डायरेक्टर्स गिल्ड ऑफ अमेरिका अवार्ड्स अपने नाम किए थे। उनके निधन पर परिवार और कलाकारों की श्रद्धांजलि से साफ है कि उन्होंने टीवी जगत में बड़ी पहचान बनाने के साथ-साथ लोगों के दिलों में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी थी।

Advertisement