Page Loader
'रामायण' पर बनी 82 साल पहले आई वो लोकप्रिय फिल्म, जिसके पास है ये खास रिकॉर्ड
रामायण पर बनी इस फिल्म ने बनाया था ये खास रिकॉर्ड

'रामायण' पर बनी 82 साल पहले आई वो लोकप्रिय फिल्म, जिसके पास है ये खास रिकॉर्ड

Jul 03, 2025
02:26 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' की पहली झलक ने इसकी रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। प्रशंसकों के मुताबिक ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तूफान लाने वाली है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर भगवान राम की भूमिका में हैं, वहीं अभिनेत्री साई पल्लवी इसमें माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। आइए इसकी रिलीज से पहले जानें 82 साल पहले आई 'रामायण' पर बनी फिल्म 'राम राज्य' के बारे में।

फिल्म

1943 में रिलीज हुई 'राम राज्य' के किरदार हुए बेहद लोकप्रिय

फिल्म इंडस्ट्री में धार्मिक ग्रंथों पर फिल्में बनाने का इतिहास पुराना है। बॉलीवुड में पुराने जमाने की धार्मिक कथाओं को दिखाती कई फिल्में बनी हैं। क्या आप रामायण पर आधारित फिल्म 'राम राज्य' के बारे में जानते हैं। इस फिल्म के किरदार इतने चर्चित हुए थे कि लोगों ने भगवान राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता को पूजना शुरू कर दिया था। साल 1943 में यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

इतिहास

महात्मा गांधी ने अपने जीवनकाल में एकमात्र यही फिल्म देखी

भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी इस फिल्म को सिनेमाघर में जाकर देखा था और उन्होंने भी इसे देखते ही भक्ति-भाव से हाथ जोड़ लिए थे। महात्मा गांधी सिनेमा को 'समाज का दुश्मन' मानते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में इकलौती फिल्म 'राम राज्य' ही देखी थी। 'राम राज्य' 1943 में बनी और सिनेमाघरों में लोगों की कतारें लग गईं। लोग इस फिल्म को देखने के लिए अपनी चप्पल और जूते सिनेमाघर के बाहर ही उतार दिया करते थे।

रिकॉर्ड

अमेरिका में दिखाई जाने वाली पहली भारतीय फिल्म

फिल्म का निर्देशन विजय भट्ट ने किया था, जिन्होंने इससे पहले 'भरत मिलाप' बनाई थी। हालांकि, 'राम राज्य' उनकी फिल्म 'भरत मिलाप' से भी ज्यादा लोकप्रिय हुई थी। अमेरिका में प्रीमियर होने वाली पहली भारतीय फिल्म होने का रिकॉर्ड भी इसी के पास है। भारत की आजादी से ठीक पहले सिनेमा की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ रही थी। इसी का फायदा हुआ कि भारतीय पौराणिक ग्रंथ पर बनी 'राम राज्य' को अमेरिका में दिखाने का मौका मिला।

किरदार

काजोल की नानी बनी थीं माता सीता

'राम राज्य' प्रेम अदीब की दूसरी फिल्म थी, जिसमें उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया था। इससे पहले 1942 में आई 'भरत मिलाप' में उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया था, वहीं काजोल की नानी और अभिनेत्री शोभना समर्थ ने इसमें माता सीता की भूमिका निभाई थी। यहां से लोगों के लिए प्रेम अदीब और शोभना समर्थ ही राम-सीता बन गए। फिल्म के हिस्से इतनी बड़ी कामयाबी आई कि ये उस साल की तीसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनी थी।