'वेलकम 2 द जंगल' की कमाई से होगी वीर नारियों की मदद, निर्माता ने किया ऐलान
क्या है खबर?
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकरात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसी बीच फिल्म के निर्माता फिरोज ए नाडियाडवाला ने देशभक्ति और इंसानियत की एक अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी इस फिल्म की कमाई का एक हिस्सा भारतीय सशस्त्र बलों के शहीद जवानों की विधवाओं (वीर नारियों) के कल्याण के लिए दान करने का एक बेहद नेक और बड़ा संकल्प लिया है।
फैसला
फिरोज नाडियाडवाला का दिल जीतने वाला संकल्प
फिरोज ने ऐलान किया कि फिल्म की कमाई का एक हिस्सा भारतीय सशस्त्र बलों के शहीद जवानों की वीर नारियों के कल्याण के लिए दान किया जाएगा। ये राशि इस दिशा में काम करने वाले संगठनों को दी जाएगी। दिलचस्प बात ये है कि फिल्म की कहानी भी भारतीय सेना की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें मुख्य किरदार शुरुआत में आर्मी अफसर बनने का नाटक करते हैं, लेकिन बाद में देश की मदद के मिशन में जुट जाते हैं।
अपील
फिरोज की फिल्म निर्माताओं से अपील
फिरोज नाडियाडवाला ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी सिर्फ बड़ी कंपनियों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की होती है। उनका मानना है कि सभी को एक-दूसरे की मदद कर दुनिया को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य दूसरे फिल्म निर्माताओं को भी प्रेरित करना है। फिरोज ने सभी निर्माताओं से अपील की कि वे अपनी फिल्मों की कमाई का कुछ हिस्सा NGP, खासकर अनाथ लड़कियों की मदद करने वाली संस्थाओं को दान करें।