हरियाणवी गायक मासूम शर्मा मुश्किल में, दर्ज हुई FIR; जानिए मामला
क्या है खबर?
हरियाणा के मशहूर लोक गायक मासूम शर्मा कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। उन पर एक सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। मामले में उनके खिलाफ डालनवाला पुलिस स्टेशन में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, यह कार्यक्रम 10 अप्रैल को देहरादून के DAV (पीजी) कॉलेज में आयोजित किया गया था। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
आरोप
छात्रों और आम जनता की भावनाओं को चोट पहुंचाने का आरोप
शिकायतकर्ता, प्रांचल नौनी ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान गायक की टिप्पणियों ने वहां मौजूद छात्रों और आम जनता की भावनाओं को चोट पहुंचाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया, जिसमें अश्लील गाने, शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना, किसी महिला की गरिमा को अपमानित करने के इरादे से शब्द या कार्य करना शामिल है। देहरादून पुलिस ने FIR की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून के अनुसार जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
माफी
गायक ने मांगी माफी
उधर गायक ने माफी मांगते हुए कहा, "मैं 11 तारीख के कॉन्सर्ट में देहरादून आया था। मुझे देवभूमि के अपने भाइयों से बहुत प्यार है, लेकिन उस कार्यक्रम में इतना प्यार था लोगों का। उस समर्थन को देखकर मेरा गुस्सा निकला, क्योंकि 2 दिन से एक गैंगस्टर मेरे पीछे पड़ा था। वो हरियाणा से मेरा पीछा करते हुए देहरादून आ गया। मैं बहुत गुस्से में था। किसी भी भाई या बहन को बुरा लगा, ताे मैं उनसे माफी मांगता हूं।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
सिंगर मासूम शर्मा ने देवभूमि के लोगों से माँगी माफ़ी😱 #Uttarakhand pic.twitter.com/NrI6UKLgPA
— Pyara Uttarakhand प्यारा उत्तराखंड (@PyaraUKofficial) April 12, 2026
परिचय
जानिए कौन हैं मासूम शर्मा
बता दें, मासूम शर्मा हरियाणा के जाने-माने गायक, गीतकार और संगीतकार हैं। उनका पूरा नाम आर्या मासूम शर्मा है और उनका जन्म 27 मार्च, 1991 को हरियाणा के जींद जिले में हुआ था। उन्हें पारंपरिक लोक संगीत को आधुनिक देसी पॉप के साथ मिलाकर गाने के लिए जाना जाता है। उनके चर्चित गानों में '2 नंबरी' और 'मैडम जी' जैसे ट्रैक शामिल हैं।