भुवन बाम पर FIR, शो का वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल; अश्लील हरकत का आरोप
क्या है खबर?
वडोदरा की पारुल यूनिवर्सिटी में हुए 'लवारी' शो के दौरान कथित अश्लील हरकत और आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में अभिनेता और यूट्यूबर भुवन बाम के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम के वीडियो वायरल होने के बाद ये विवाद खड़ा हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। आरोप है कि शो के दौरान भुवन ने आपत्तिजनक बात कही और पानी की बोतल से भद्दी हरकत की। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
वीडियो
'द लवारी शो' का वीडियो वायरल होते ही भुवन बाम पर FIR
'ढिंढोरा 2' के कलाकार भुवन बाम और संजीदा शेख 25 नवंबर को वडोदरा की पारुल यूनिवर्सिटी में हुए 'द लवारी शो' में शामिल हुए थे।
शो के वीडियो सामने आने के बाद संजीदा पर कथित अश्लील टिप्पणी और भुवन की हरकतों पर लोगों ने कार्रवाई की मांग की।
यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी हेड की शिकायत के बाद भुवन पर FIR दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप
भुवन पर पानी की बोतल से आपत्तिजनक हरकत का आरोप
FIR के अनुसार, पारुल यूनिवर्सिटी के 58 वर्षीय सिक्योरिटी हेड महेंद्रप्रताप सिंह ने शो में संजीदा को लेकर की गई टिप्पणी पर आपत्ति जताई।
आरोप है कि भुवन ने अभिनेत्री से सार्वजनिक रूप से कहा, "मेरे नीचे आ जाओ, 9 महीने तक तुम्हें कोई परेशान नहीं करेगा।"
सुरक्षा प्रभारी सिंह ने ये भी आरोप लगाया कि अभिनेता ने अभिनेत्री के सामने निजी अंगों के पास पानी की बोतल रखकर ढक्कन खोला और पेशाब का इशारा करते हुए पानी छिड़का।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Bhuvan Bam is out of control pic.twitter.com/FVaY2hX0uU
— Avni (@Social_binn) November 28, 2026
शिकायत
यूट्यूबर की हरकतों और बातों से आहत हुई जनभावनाएं
सुरक्षा प्रभारी के तौर पर मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता महेंद्रप्रताप सिंह ने ये भी आरोप लगाया कि भुवन ने पैंट की जिप बंद करने से पहले कार्यक्रम के दौरान अश्लील तरीके से बोतल हिलाई और उनके मुताबिक इन बातों व हरकतों से जनभावनाएं आहत हुईं।
बता दें कि 'द लवारी शो' 25 नवंबर 2026 को शाम साढ़े 5 से साढ़े 7 बजे तक वडोदरा जिले के वाघोडिया तालुका के लिमडा गांव स्थित पारुल यूनिवर्सिटी के खुले मैदान में हुआ था।
सफाई
भुवन बाम पर FIR के बाद पारुल यूनिवर्सिटी की सफाई
सिंह की शिकायत के मुताबिक, पारुल यूनिवर्सिटी ने कैंपस में कॉमेडी शो की अनुमति दी थी, लेकिन आयोजकों को गरिमा, प्रतिष्ठा और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश थे।
यूनिवर्सिटी ने साफ किया कि उसे भुवन बाम की कथित टिप्पणियों व हरकतों की न पहले जानकारी थी और ना ही ऐसी किसी बात की अनुमति दी गई थी।
29 नवंबर, 2026 को वाघोडिया थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत FIR दर्ज कर आगे की जांच जारी है।