सेलिना जेटली के पति पर FIR, घरेलू हिंसा के आरोप में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
क्या है खबर?
अभिनेत्री सेलिना जेटली ने अपने पति पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। सेलिना के आरोपों के बाद मुंबई पुलिस ने पीटर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभिनेत्री ने अपने पति पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे उनकी शादीशुदा जिंदगी का विवाद अब पुलिस की दहलीज तक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें उनके अपने ही बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है।
शिकंजा
पुलिस ने पीटर के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी किया जारी
सेलिना ने अपने पति और ऑस्ट्रियाई नागरिक पीटर हाग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। ये मामला क्रूरता, शारीरिक चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और लगातार उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा है। रिपोर्टों के अनुसार, जांच में सहयोग न करने के कारण अधिकारियों ने हाग के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया है।
धाराए
भारतीय न्याय संहिता की इन गंभीर धाराओं के तहत पति पर दर्ज हुई FIR
सेलिना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पीटर के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ये कार्रवाई पहले से चल रहे घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 के तहत मामले के अतिरिक्त की गई है। मुंबई पुलिस ने पीटर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 85, 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं मुख्य रूप से क्रूरता, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं।
कानूनी जंग
नवंबर, 2025 से जारी है सेलिना की कानूनी जंग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच प्रक्रिया में पीटर द्वारा सहयोग न करने के कारण अधिकारियों ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई और तेज कर दी है। बताया गया कि उनके इसी व्यवहार के कारण पुलिस को कठोर कदम उठाने पड़े हैं। इससे पहले नवंबर 2025 में सेलिना ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था। अभिनेत्री ने आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें लगातार घरेलू हिंसा का शिकार बना रहे थे।
मांग
50 करोड़ का मुआवजा और 10 लाख हर महीने
PTI के अनुसार, सेलिना ने पीटर से 10 लाख रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता और 50 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पीटर ने उन्हें उनके बच्चों से मिलने या बात करने से पूरी तरह रोक दिया है, जो फिलहाल ऑस्ट्रिया में उनकी कस्टडी में हैं। सेलिना ने अदालत से गुहार लगाई है कि उन्हें बच्चों के साथ बिना किसी बाधा के वीडियो कॉल और फोन का एक्सेस देने का आदेश जारी किया जाए।
निजी जिंदगी
सेलिना जेटली और पीटर हाग का रिश्ता
सेलिना और पीटर 2010 में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी के बाद सेलिना ने ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना ली और विदेश में बस गईं। मार्च, 2012 में वे जुड़वा बेटों (विंस्टन और विराज) के माता-पिता बने। इसके बाद 2017 में सेलिना ने दोबारा जुड़वा बेटों (आर्थर और शमशेर) को जन्म दिया। हालांकि, ये खुशी अधूरी रही, क्योंकि शमशेर का जन्म के कुछ समय बाद ही दिल की एक गंभीर बीमारी के कारण निधन हो गया था।